सलूंबर में तेज आंधी-बारिश:रात 10 बजे बदला मौसम, सड़कों पर जलभराव हुआ
सलूंबर जिले में शुक्रवार रात मौसम ने अचानक करवट बदली। दिनभर की तेज धूप और उमस के बाद रात करीब 10 बजे तेज आंधी, बादलों की गर्जना और बारिश से लोगों को राहत मिली। बारिश से पहले चली तेज और ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। अचानक बदले मौसम से तापमान में गिरावट देखने को मिली , जिससे पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली। बारिश के दौरान बादलों की तेज गर्जना और आकाशीय बिजली की चमक भी देखी गई। अचानक हुई तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। बाजार से घर लौट रहे लोग और दोपहिया वाहन चालक आंधी व बारिश से बचने के लिए दुकानों तथा सुरक्षित स्थानों पर रुकने को मजबूर हो गए। मौसम में आए इस बदलाव ने भले ही लोगों की आवाजाही प्रभावित की, लेकिन लंबे समय बाद चली ठंडी हवाओं और झमाझम बारिश ने सलूम्बरवासियों को गर्मी से बड़ी राहत दी। देर रात तक रुक-रुक कर बारिश होती रही, जिससे वातावरण खुशनुमा हो गया।

