दौसा में एक्सप्रेस-वे पर बस-ट्रेलर अग्निकांड,DNA से मृतकों की पहचान:6 शव परिजनों को सौंपे, दो बॉडी पहले सुपुर्द कर दी थी, 8 लोगों की हुई थी मौत
दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस और ट्रेलर की भिड़ंत के बाद हुए भीषण अग्निकांड में जिंदा जलकर जान गंवाने वाले छह लोगों के शवों की डीएनए रिपोर्ट आने के बाद गुरुवार शाम पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे में कुल आठ लोगों की मौत हुई थी। इनमें छह यात्री आग में जिंदा जल गए थे, जबकि दो अन्य की सिर में चोट लगने से मौत हुई थी। इन मृतकों के लिए भेजे गए थे DNA सैंपल हादसे में भूमि भौर निवासी बजरंग नगर (इंदौर), प्रियंका पांडे निवासी बड़वाह, दीपक तंवर निवासी बड़वाह (जिला खरगौन, मध्य प्रदेश) और निर्मला गुप्ता निवासी अन्नपूर्णा नगर (इंदौर) के शवों के डीएनए सैंपल बुधवार शाम जांच के लिए भेजे गए थे। जयपुर से रिपोर्ट आने के बाद शवों की पहचान हुई और पोस्टमॉर्टम के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। ड्राइवर और एक अन्य मृतक की रिपोर्ट भी आई देवेंद्र सिंह निवासी रामपुरा कलां, सिद्धगंज (मध्य प्रदेश) तथा बस चालक रामअवतार के डीएनए सैंपल गुरुवार सुबह जांच के लिए भेजे गए थे। रिपोर्ट मिलने के बाद दोनों शवों का भी पोस्टमॉर्टम कराया गया और परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। दो शव पहले ही परिजनों को सौंप दिए गए थे सिर में चोट लगने से जान गंवाने वाले बस परिचालक कुलदीप का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। वहीं धर्मसिंह निवासी भूतेड़ी, जिला झाबुआ (मध्य प्रदेश) का शव बुधवार शाम को ही परिजनों के हवाले कर दिया गया था। 22 घायलों को भी पहुंचाया गया था अस्पताल मंगलवार देर रात हुए इस भीषण हादसे के बाद पुलिस ने आठों मृतकों के शव और 22 घायलों को एंबुलेंस के जरिए दौसा जिला अस्पताल पहुंचाया था। आग में शव बुरी तरह झुलस जाने से उनकी पहचान संभव नहीं हो सकी थी, जिसके बाद डीएनए जांच कराई गई। रिपोर्ट आने के बाद सभी शवों की शिनाख्त कर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया। — ये खबर भी पढ़ें… राजस्थान में बस-ट्रेलर भिड़े, 8 मौतें:DNA टेस्ट से पहचान होगी, आग में फंसे थे 40 पैसेंजर्स; दावा- डिक्की में सिगरेट बॉक्स भरे थे दौसा बस-अग्निकांड: ‘मेरी आंखों के सामने पत्नी जल गई साहब’:किसी ने मदद नहीं की; पैसेंजर बोलीं- मालूम नहीं पति कहां गिरे, लोग सीटों में फंसे थे बस में लोगों का मांस तक जल गया, हड्डियां बची:पैर पकड़कर पति को ढूंढने की गुहार लगाती रही पत्नी; देखिए दौसा बस अग्निकांड की तस्वीरें

