राजस्थान में सिरसा रोडवेज बस रोक कार सवारों का हंगामा:बूथ पर खड़ी करते वक्त पीछे से टकराई गाड़ी, ड्राइवर-कंडक्टर में बहस; रोड जाम
सिरसा रोडवेज की एक बस को राजस्थान में रोक लिया गया और लोग रोडवेज कर्मियों से उलझ गए। कुछ युवकों ने मिलकर रोड जाम कर लिया और बस को आगे जाने से रोक दिया। उन सभी ने रोडवेज ड्राइवर व कंडक्टर से काफी देर तक बहस की और करीब आधा घंटा तक ये हंगामा चला। कार सवार युवकों ने क्षतिग्रस्त कार ठीक करवाने को पैसे मांगे। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक कर्मियों से बहस करते दिख रहे हैं। जानकारी के अनुसार, मामला राजस्थान के रावतसर बस स्टैंड का है। जहां रोडवेज ड्राइवर बस को बूथ पर लगा रहा था। उसी वक्त एक कार आई और बूथ पर लगाते समय बस के पीछे से गुजरने लगी। कार बस से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त हो गई। इसी बात पर कार सवार युवक गुस्सा गए। जैसे ही ड्राइवर बस लेकर बस स्टैंड से बाहर आया, तो युवकों ने अन्य लोगों के साथ मिलकर बस को वहीं रूकवा लिया और अन्य साथी व लोग बुला लिए। पुलिस ने रोड जाम खुलवाया इस दौरान कई देर तक रोड जमा रहा और हंगामा बढ़ता देख वहां से गुजर रही दूसरी रोडवेज बस को भी ड्राइवर ने रोक लिया। रोडवेज कर्मचारी मामला सुलझाने को वहां पर पहुंचे, परंतु कोई मानने को तैयार नहीं था। कुछ देर बाद राजस्थान पुलिस मौके पर पहुंची और उन्होंने भी प्रदर्शनकारी लोगों के समर्थन में उनसे कहा कि बस और ड्राइवर का नंबर नोट कर लो। अगर शिकायत करनी है तो थाने में दे देना, उस पर कार्रवाई करेंगे। सीसीटीवी में पता चल जाएगा, बस को न रोके। आखिर पुलिस ने रोड जाम खुलवाया और दोनों पक्ष शांत कराए। बस में सवार यात्री भी परेशान रहे झगड़ा बढ़ते देख बस स्टैंड के बाहर लोगों की भीड़ जुट गई। इस पर लोगों ने कार सवार युवकों को समझाने का प्रयास किया और ये भी कहा कि आपकी गलती है। बावजूद इसके वे नहीं माने। दोनों युवक बार-बार गाड़ी के काम का खर्च मांग रहे थे। रोडवेज ड्राइवर व कंडक्टर ने भी उनकी गलती बताई, पर वे विश्वास नहीं कर रहे थे। इसके चलते बस में सवार यात्री भी परेशान रहे। दरअसल, कार सवार युवक बोले, बस का कंडक्टर वहां पर नहीं था और ड्राइवर ही अकेले बस को बूथ पर बैक साइड से लगा रहा था। अगर कंडक्टर होता तो ये हादसा नहीं होता। वहीं, रोडवेज कर्मचारी बोले, बस स्टैंड के अंदर बूथ पर ये गाड़ी भिड़ी थी। उस समय कुछ नहीं कहा। अब पीछे से गाड़ी लेकर आए और आगे लगाकर बस को रूकवा लिया। ड्राइवर को नीचे उतारने की कोशिश प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बस के ड्राइवर को पकड़कर नीचे उतारने की कोशिश की और उनके बीच काफी तू-तड़ाक हुई। इससे विवाद बढ़ सकता था। विभाग के अनुसार, यह रोडवेज बस डबवाली बस स्टैंड से राजस्थान के पोकरण के लिएरावतसर रूट पर चलती है। डबवाली से इसकी दूरी करीब 6-7 से घंटे की है। यह बस रूटीन में पोकरण चलती है। मंगलवार से ये बस पोकरण गई हुई थी। वहां से आते समय ये मामला हुआ है। यहां आने पर बुधवार को इस बारे में कर्मियों ने यूनियन को भी अवगत करवा दिया है। यूनियन ने इसकी निंदा की है। कार लेकर बस स्टैंड में घुसे युवक- यूनियन मामले में रोडवेज यूनियन से जिला प्रधान पृथ्वी सिंह का कहना है कि यह झगड़ा रावतसर में रोडवेज कर्मियों के साथ हुआ है। कुछ युवक कार लेकर बस स्टैंड के अंदर घुसे हुए थे। जब बस बूथ पर लगाई जा रही थी तो युवक भी कार लेकर बस के पीछे से और बूथ के आगे से निकालने की कोशिश करने लगे। तभी बस से कार टकरा गई और आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गई। ड्राइवर का कोई दोष नहीं है। युवक कार को बस स्टैंड के अंदर लेकर गया हुआ था, जोकि बस स्टैंड के अंदर कार ले जाने पर रोक है। इसके बावजूद वे कार अदंर लेकर गए हुए थे। उनको किसी ने अदंर जाने से नहीं रोका। इस बारे में ड्राइवर व कंडक्टर से बातचीत कर अगला कदम उठाया जाएगा। लिखित शिकायत पर करेंगे कार्रवाई- जीएम रोडवेज जीएम कुलदीप जांगड़ा ने बताया कि इस तरह कई बार झगड़े होते हैं। रोडवेज बस आमजन को सुविधा देने के लिए हैं और लोग बेवजह इस तरह की हरकतें करते हैं। इस बारे में रोडवेज बस कर्मियों से बातचीत की जाएगी। यदि उनकी ओर से कोई लिखित शिकायत दी जाएगी, तो उस पर कार्रवाई करेंगे। राजस्थान के स्टाफ से भी बात करेंगे।

