वर्धमान बैटरी हाउस ने जीता उद्घाटन मैच:वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता में मनिया टॉपर्स को रोमांचक मुकाबले में हराया
धौलपुर जिले के मनियां कस्बे में चल रही वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के तहत खेले गए 2 मुकाबलों में वर्धमान बैटरी हाउस और कृष्णा मोटर्स ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। पहले मुकाबले में वर्धमान बैटरी हाउस का सामना मनिया टॉपर्स से हुआ। मनिया टॉपर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवर में 128 रन बनाए। जवाब में वर्धमान बैटरी हाउस की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 3 गेंद शेष रहते रोमांचक जीत हासिल की। राहुल पोसवाल को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। इस मैच में विजेंद्र त्यागी और मोहित त्यागी ने अंपायरिंग की। कृष्णा मोटर्स ने अमन सिंह कोल्ड स्टोरेज की टीम को हराया
दूसरे मुकाबले में कृष्णा मोटर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 112 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी अमन सिंह कोल्ड स्टोरेज की पूरी टीम 70 रन पर ऑलआउट हो गई। इस तरह कृष्णा मोटर्स ने बड़े अंतर से यह मैच जीता। रोहित कुशवाहा को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। मैच में प्रदीप ठाकुर और बीपी पोसवाल ने अंपायर की भूमिका निभाई। प्रतियोगिता कमेटी के सदस्य विशाल पुंडीर ने बताया कि सत्यपाल ठाकुर ने स्कोरिंग की जिम्मेदारी संभाली, जबकि सोनू नेकड़ी ने अपनी कमेंट्री से दर्शकों का मनोरंजन किया। प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खेल प्रेमियों ने पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

