बिजली का मीटर लगाने गई टाटा पावर टीम पर हमला:सरकारी काम में बाधा डालने का केस दर्ज, मीटर की ऊंचाई को लेकर हुआ विवाद
अजमेर के दरगाह थाना क्षेत्र में बिजली का नया मीटर लगाने पहुंची टाटा पावर की टीम के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। पीड़ित कर्मचारी करौली निवासी घनश्याम (31) की रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपी यूसुफ और उसके बेटे के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 29 जून दोपहर करीब 1:15 बजे घनश्याम अपनी टीम के सदस्य शाहरुख, लोकेश और राहुल के साथ खादिम मोहल्ला स्थित हुसैन मंजिल में उपभोक्ता मोहम्मद अहमद के यहां नया बिजली मीटर लगाने पहुंचे थे। इसी दौरान मीटर लगाने की ऊंचाई को लेकर विवाद हो गया। उपभोक्ता ने मीटर सात फीट की ऊंचाई पर लगाने की बात कही, जबकि कर्मचारी ने केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (CEA) की गाइडलाइन का हवाला देते हुए डिस्प्ले 5 से 6 फीट की ऊंचाई पर लगाने का नियम बताया। इसी दौरान पड़ोसी यूसुफ मौके पर पहुंचा और उसने भी मीटर सात फीट पर लगाने का दबाव बनाया। कर्मचारी के मना करने पर आरोपी ने कथित रूप से धक्का देकर उसे घर के अंदर ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर यूसुफ ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट के अनुसार, यूसुफ के बेटे ने भी कर्मचारी के साथ हाथापाई की। कर्मचारी जब वहां से निकलने लगा तो आरोपियों ने उसे रोककर दोबारा मारपीट की, जिससे उसके चेहरे और गर्दन पर चोटें आईं। पीड़ित ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान आरोपियों ने टीम का सामान भी मौके पर ही रोक लिया, जिसके कारण टीम करीब दो घंटे तक अपना कार्य नहीं कर सकी। घटना की सूचना उसने अपने वरिष्ठ अधिकारियों प्रकाश यादव और भूपेंद्र को भी दी। दरगाह थाना पुलिस ने घनश्याम की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया।

