सूरजगढ़ में शराब के ठेके के बाहर शव रखकर प्रदर्शन:भाई बोला-जहरीली शराब पिलाकर हत्या की गई; पुलिस से कार्रवाई की मांग

सूरजगढ़ के उरीका गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत हो गई। मृतक संजय नायक की मौत के बाद ग्रामीण सड़कों पर उतर आए और प्रदर्शन किया। घटना स्थल पर परिजनों व ग्रामीणों ने शव को रखकर न्याय की गुहार लगाई है। ​मृतक के भाई संदीप नायक का कहना है- उनके भाई संजय को काम के सिलसिले में बुलाया गया था। आरोप है कि मजदूरी देने की बजाय, ठेकेदार द्वारा संजय को जहरीली शराब पिलाई गई। इसके बाद पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद हुआ और संजय की मारपीट के बाद हत्या कर दी गई। मृतक के परिजनों ने बताया कि संजय का एक छोटा बेटा भी है, जिसके ऊपर से पिता का साया उठ चुका है। ऐसे में संजय परिवार का सहारा था। अब देखिए- तस्वीरें ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इस इलाके में अवैध रूप से शराब की तीन शाखाएं (ब्रांच) चल रही हैं, जहां हरियाणा निर्मित शराब बेची जा रही है। ​ग्रामीणों का दावा है कि उन्होंने प्रशासन और पुलिस को इन अवैध गतिविधियों की बार-बार जानकारी दी थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ​ग्रामीणों का आरोप है कि शराब ठेकेदार अपनी गुंडागर्दी के दम पर यह अवैध कारोबार चला रहे हैं और स्थानीय लोगों को डरा-धमका कर चुप करा देते हैं। इसी कारण क्षेत्र में अवैध शराब का धंधा चल रहा है। ​संदीप ने प्रशासन से मांग की है कि प्रशासन मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दी जाए और बच्चों के भविष्य के लिए पर्याप्त मुआवजा दिया जाए। साथ ही, उन्होंने शराब ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें आजीवन कारावास की सजा दिलवाने की मांग की है। ​सीआई रणजीत सेवदा के नेतृत्व में पुलिस जाब्ता मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों व परिजनों से समझाइश का प्रयास किया गया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने अवैध शराब की दुकानों को तुरंत प्रभाव से बंद करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *