वनपाल भर्ती परीक्षा- उदयपुर में 18,927 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड:57 केंद्रों पर फेस ऑथेंटिकेशन और सीसीटीवी से होगी निगरानी; जानें प्रवेश करने सहित अन्य नियम

राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से वनपाल सीधी भर्ती परीक्षा 28 जून को होगी। यह परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक ही पारी में आयोजित की जाएगी। उदयपुर जिले में इसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एडीएम दीपेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया- उदयपुर शहर और आसपास इलाकों में परीक्षा के लिए 57 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 38 सरकारी स्कूल-कॉलेज और 19 प्राइवेट शिक्षण संस्थानों को केंद्र बनाया है। परीक्षा में कुल 18 हजार 927 अभ्यर्थी रजिस्टर्ड हैं। परीक्षा की तैयारियों को लेकर गुरुवार शाम ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी 57 केंद्र अधीक्षकों, 76 ऑब्जर्वर्स और 29 डिप्टी कोऑर्डिनेटर्स ने हिस्सा लिया और परीक्षा के नियमों को समझा। 57 केंद्रों पर कुल 76 ऑब्जर्वर्स तैनात रहेंगे परीक्षा के दौरान सुरक्षा और निगरानी के बहुत ही कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी 57 केंद्रों पर कुल 76 ऑब्जर्वर्स तैनात रहेंगे। सरकारी केंद्रों पर एक-एक और प्राइवेट केंद्रों पर दो-दो ऑब्जर्वर्स की ड्यूटी लगाई गई है। परीक्षा केंद्रों के हर कमरे में केवल 24 परीक्षार्थियों के बैठने की क्षमता तय की गई है। साथ ही हर कमरे में दो-दो वीक्षक यानी इनविजिलेटर तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो सके। इस परीक्षा के लिए सबसे दूरी वाले दो केंद्र बनाए गए हैं। इनमें पहला महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बड़ी है, जो करीब 13 किलोमीटर दूर है। दूसरा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय बलीचा है, जिसकी दूरी 11 किलोमीटर है। स्टूडेंट्स को एक घंटे पहले मिलेगा प्रवेश प्रशासन ने कहा- सभी अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा यानी 60 मिनट पहले तक ही केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी हालत में एंट्री नहीं मिलेगी। परीक्षा केंद्र के अंदर किसी भी तरह का मोबाइल फोन, ब्लूटूथ या अन्य गैजेट ले जाना बैन रहेगा। बिना ई-एडमिट कार्ड के किसी भी छात्र को अंदर नहीं जाने दिया जाएगा। सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए मुख्य गेट पर ही अभ्यर्थियों का फेस ऑथेंटिकेशन किया जाएगा और उनकी पूरी चेकिंग की जाएगी। यह प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की नजर में रिकॉर्ड होगी। बोर्ड के नियमों के अनुसार- परीक्षा के मुख्य कामों की वीडियोग्राफी भी करवाई जाएगी। परीक्षा खत्म होने के तुरंत बाद सभी सेंटर्स से जरूरी सामग्री को जुटाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *