मनियां वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू:उद्घाटन मैच में कृष्णा मोटर्स ने दर्ज की जीत, 15 दिन तक होंगे मुकाबले
मनियां नगरपालिका क्षेत्र में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वार्ड कप क्रिकेट प्रतियोगिता का शुक्रवार को शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह सीओ खलील अहमद की मुख्य अतिथि में संपन्न हुआ। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामकृष्ण यादव विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सीओ मनियां खलील अहमद ने स्टेडियम की पिच पर क्रिकेट खेलकर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया। मंच संचालन हरदयाल कर्दम ने किया। उद्घाटन मैच पीएस मोबाइल (वार्ड 5-6) और कृष्णा मोटर्स (वार्ड 17-18) की टीमों के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पीएस मोबाइल ने निर्धारित 12 ओवर में 100 रन बनाए। जवाब में कृष्णा मोटर्स ने एक विकेट शेष रहते लक्ष्य हासिल कर जीत दर्ज की। मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए जीतू शर्मा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। मुकाबले में नरदेव कुशवाह और संदीप त्यागी ने अंपायर की भूमिका निभाई, जबकि कृष्णकांत त्यागी स्कोरर रहे। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रदीप ठाकुर, बीपी पोसवाल, शाहरुख खान, विशाल पुंडीर, सत्यपाल ठाकुर, माजिद खान, बाबू कुशवाह, संदीप चंदेला, भोलू राजपूत, दीपक गुर्जर, सुधांशु सोनी और सारांश गुप्ता सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। आयोजकों ने बताया कि यह प्रतियोगिता 15 दिनों तक चलेगी, जिसमें कुल 20 टीमें हिस्सा ले रही हैं। विजेता टीम को 31 हजार रुपए और उपविजेता टीम को 21 हजार रुपए की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य स्थानीय युवाओं की खेल प्रतिभा को मंच प्रदान करना और उनमें खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।

