जयपुर का शुक्रिया करने आएंगे फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली:अलग-अलग सिनेमाघरों में फिल्म देख रहे दर्शकों से मिलेंगे, देशभर में चर्चा बटोर रही फिल्म
बॉलीवुड के प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली शनिवार को अपनी चर्चित फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को मिले शानदार समर्थन के लिए जयपुर पहुंचेंगे। वे अपनी हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ को देखने पहुंचे दर्शकों से शहर के अलग-अलग सिनेमाघरों में मुलाकात करेंगे और फिल्म को लेकर उनकी प्रतिक्रियाएं जानेंगे। इस दौरान इम्तियाज अली शहर के विभिन्न आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स में जाकर दर्शकों से बातचीत करेंगे और फिल्म को मिल रहे रिस्पॉन्स का भी जायजा लेंगे। देशभर में चर्चा का विषय बनी इस फिल्म को जयपुर से मिले खास प्यार के लिए निर्देशक का यह दौरा दर्शकों के साथ सीधे संवाद का अनूठा अवसर भी होगा। बॉलीवुड के चर्चित फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली ने ‘जब वी मेट’, ‘रॉकस्टार’, ‘हाईवे’, ‘तमाशा’ और ‘अमर सिंह चमकीला’ जैसी दिल को छू लेने वाली फिल्मों का निर्देशन किया है। इसके बाद से ही इम्तियाज अली चर्चाओं में आए थे। फिल्म रिलीज के बाद से ही दर्शकों के बीच अच्छी चर्चा में है। खासकर इसकी भावनात्मक कहानी, संगीत और कलाकारों के अभिनय को खूब सराहा जा रहा है। मजबूत वर्ड ऑफ माउथ के चलते फिल्म ने दूसरे सप्ताह में भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाई हुई है। कई प्रमुख मल्टीप्लेक्स में पहुंचकर दर्शकों से सीधे रूबरू होंगे इम्तियाज जयपुर विजिट के दौरान इम्तियाज अली शहर के कई प्रमुख मल्टीप्लेक्स में पहुंचकर दर्शकों से सीधे रूबरू होंगे। उनका कार्यक्रम पिंक स्क्वायर मॉल स्थित आईनॉक्स, ज्वैल ऑफ इंडिया मॉल के सिनेपॉलिस, वर्ल्ड ट्रेड पार्क (डब्ल्यूटीपी) स्थित सिनेपॉलिस, जवाहर सर्किल स्थित मिराज सिनेमा और देर रात वैशाली नगर स्थित पीवीआर मॉल ऑफ जयपुर में रखा गया है। हर सिनेमाघर में वे फिल्म ‘मैं वापस आऊंगा’ का शो देखने आए दर्शकों से बातचीत करेंगे, उनके अनुभव जानेंगे और फिल्म को मिल रहे रेस्पॉन्स का फीडबैक भी लेंगे। निर्देशक के इस इंटरैक्टिव दौरे को लेकर जयपुर के फिल्म प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। रिश्तों और जज्बातों की कहानी है ‘मैं वापस आऊंगा’ ‘मैं वापस आऊंगा’ एक पीरियड रोमांटिक ड्रामा है, जिसकी कहानी प्रेम, बिछड़ने, यादों और वापसी की भावनात्मक यात्रा के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म का निर्देशन इम्तियाज अली ने किया है, जो एक बार फिर अपने खास अंदाज की कहानी लेकर दर्शकों के सामने आए हैं। फिल्म में दिलजीत दोसांझ मुख्य भूमिका में हैं। उनके साथ शरवरी, वेदांग रैना और दिग्गज अभिनेता नसीरुद्दीन शाह अहम किरदार निभा रहे हैं। इसके अलावा मनीष चौधरी, राजत कपूर, अंजना सुखानी, संजय सूरी सहित कई कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इम्तियाज अली और नयनिका माहतानी ने लिखी फिल्म की कहानी फिल्म की कहानी इम्तियाज अली और नयनिका माहतानी ने लिखी है। सिनेमैटोग्राफी सिल्वेस्टर फोंसेका, एडिटिंग आरती बजाज, संगीत ए.आर. रहमान और गीत इरशाद कामिल ने दिए हैं। फिल्म का निर्माण अप्लॉज एंटरटेनमेंट और विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। संवेदनशील कहानियों के लिए पहचाने जाते हैं इम्तियाज अली इम्तियाज अली बॉलीवुड के उन फिल्मकारों में गिने जाते हैं, जिन्होंने अपनी फिल्मों के जरिए रिश्तों, प्रेम और इंसानी भावनाओं को बेहद संवेदनशीलता से पर्दे पर उतारा है। जब वी मेट, रॉकस्टार, हाईवे, लव आज कल, तमाशा और चमकीला जैसी फिल्मों ने उन्हें हिंदी सिनेमा के सबसे अलग और प्रभावशाली निर्देशकों की कतार में खड़ा किया है। उनकी फिल्मों की खासियत गहरे भाव, खूबसूरत संगीत और यादगार किरदार माने जाते हैं।

