गलती से कट्टे का ट्रिगर दबा, नदीम को लगी गोली:दोस्त को कट्टा देकर भेजा, खुद पहुंचा हॉस्पिटल, 18 घंटे पुलिस को किया गुमराह
गोली लगने से घायल हुए 21 साल के नदीम पर किसी ने गोली नहीं चलाई। नवलखा रोड पर भीड़ खड़े होने के दौरान गलती से देशी कट्टे का ट्रिगर दब गया। जिससे गोली उसकी जांघ में जाकर लग गई। उसके पास हथियार अवैध था। ऐसे में अपने दोस्त को कट्टा देकर भेज दिया और खुद इलाज के लिए हॉस्पिटल आ गया। पुलिस को गुमराह किया कि उस पर किसी ने गोली मारी है। लेकिन पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए शुक्रवार दूसरे दिन ही पूरा मामला खोल दिया तो आरोपी ने स्वीकार कर लिया। मामले में पुलिस ने उसके साथी फरदीन को भी गिरफ्तार किया और उसके कब्जे से देशी कट्टा बरामद किया। 18 घंटे तक पुलिस को किया गुमराह
बता दे कि पाली शहर के इंद्रा कॉलोनी रहने वाले 21 साल के नदीम पुत्र शौकत अली को गुरुवार रात करीब दस बजे इलाज के लिए पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया। जहां उसके जांघ में गोली लगी थी। डॉक्टरों ने एक्स-रे किया तो उसकी जांघ के अंदर की तरफ गोली धंसी हुई थी। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ सिटी मंगलेश चुंडावत, कोतवाल रविन्द्रसिंह खिंची मयजाप्ता मौके पर पहुंचे। जहां घायल ने बताया कि वह नवलखा रोड पर भीड़ में खड़ा था इस दौरान उसे किसी ने गोली लगी। किसने मारी पता नहीं। पुलिस को शुरू से ही शक था कोतवाल रवींद्र सिंह खींची ने जब आरोपी की पेंट देखी और तो पता चल गया था कि गोली बहुत नजदीक से चली है। लेकिन नदीम पुलिस को गुमराह करता रहा। आखिर पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए पूरा मामला खोला। जिसमें नदीम के दोस्त इंद्रा कॉलोनी निवासी 19 साल के फरदीन पुत्र मोहम्मद इस्माइल को गिरफ्तार कर उससे देसी कट्टा बरामद किया। आरोपी गलती से नदीम को गोली लगने के बाद कट्टा लेकर मौके से फरार हो गया था। घायल नदीम पर चार केस घायल नदीम पर पहले से चार केस दर्ज है। इसलिए वह अपने साथ देसी कट्टा रखता था। ताकि हमला होने पर मुकाबला कर सके। अवैध रूप से हाथियार रखने के मामले में पुलिस नदीम को भी हॉस्पिटल से छुट्टी मिलने पर गिरफ्तार करेगी।

