दौसा में मां-बेटे की मौत, पति गंभीर घायल:करौली बॉर्डर पर उकाली घाटी में दर्दनाक हादसा, सरिए लेकर जा रहा ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटे
दौसा-करौली जिले की सीमा पर स्थित उकाली घाटी लांका में शुक्रवार दोपहर लोहे के सरियों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे जिला अस्पताल से जयपुर रैफर किया गया है। पुलिस ने बताया कि लोहे के सरिये लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली घाटी में चढ़ रहा था कि ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। ऐसे में ट्रैक्टर में सवार एक परिवार भी हादसे का शिकार हो गया। ट्रैक्टर के कुचलने से मां और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ड्राइवर व एक अन्य घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही लांका चौकी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों और मृतकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। चिरावंडा निवासी थे मृतक एएसआइ छोटेलाल ने बताया कि मृतकों की पहचान उषा देवी (30) पत्नी सोनू महावर एवं उनके 9 वर्षीय पुत्र सूरज, निवासी चिरावंडा, थाना गढ़मोरा करौली के रूप में हुई है। हादसे में घायल सोनू महावर (35) और रामेश्वर गुर्जर (65) को जिला अस्पताल लाया गया। जहां प्राथमिक इलाज के बाद सोनू की गंभीर हालत को देखते हुए जयपुर के एसएमएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। फिलहाल दोनों मृतकों के शवों को मोर्चरी में रखवाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

