मुहर्रम के जुलूस में फंसी एम्बुलेंस:समाज के लोगों ने रास्ता देकर निकाला, 250 पुलिसकर्मी किए गए तैनात

मुहर्रम के मौके पर शुक्रवार को भरतपुर शहर के मुख्य बाजारों से मातमी धुनों के बीच ताजिया जुलूस निकाला गया। जुलूस में शहर के विभिन्न इलाकों से समाज के लोग ताजिए और अलम लेकर शामिल हुए। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए शहर में करीब 250 पुलिसकर्मी तैनात किए गए। जुलूस का समापन कर्बला पर होगा, जहां ताजियों को दफन किया जाएगा। इस दौरान मथुरा गेट पर जुलूस में फंसी एक एम्बुलेंस को लोगों और पुलिस ने मिलकर अस्पताल पहुंचाया। मातमी धुनों के बीच निकला जुलूस समाज के लोगों ने गुरुवार रात क़त्ल की रात मनाई थी। इसके बाद शुक्रवार को शहर में ताजियों और अलम का जुलूस निकाला गया। समाज के युवा मातमी धुनों और ढोल की थाप के बीच ताजिया और अलम लेकर जुलूस में शामिल हुए। जुलूस के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर बिजली विभाग ने अलग-अलग समय पर बिजली सप्लाई बंद रखी। जुलूस के साथ सैकड़ों की संख्या में पुलिसकर्मी भी मौजूद रहे। कर्बला पर होगा जुलूस का समापन गर्मी को देखते हुए शहर में कई स्थानों पर ठंडे पानी, शरबत और ठंडाई की स्टॉल लगाई गईं। विभिन्न स्थानों पर जुलूस का स्वागत भी किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के तहत सादा वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई। शहर के पाई बाग, मछली मोहल्ला, गोपालगढ़, ईदगाह कॉलोनी सहित कई इलाकों से समाज के लोग ताजिए लेकर जुलूस में शामिल हुए। जुलूस का समापन कर्बला पर होगा, जहां ताजियों को दफन किया जाएगा। जुलूस में फंसी एम्बुलेंस को दिलाया रास्ता जब जुलूस मथुरा गेट पहुंचा, तब उसके पीछे एक एम्बुलेंस फंस गई। भीड़ अधिक होने के कारण एम्बुलेंस को आगे बढ़ने में परेशानी हो रही थी। इसके बाद जुलूस में शामिल लोगों और पुलिसकर्मियों ने तुरंत रास्ता खाली कराया और एम्बुलेंस को सुरक्षित जनाना हॉस्पिटल तक पहुंचाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *