जालोर के कई हिस्सों में 6 घंटे तक बिजली कटौती:पसीने से तर हुए शहरवासी; फोन करने पर अफसर बोले- लाइन में फॉल्ट नहीं मिल रहा है

जालोर शहर में शुक्रवार को डिस्कॉम की लापरवाही और अघोषित बिजली कटौती के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा। शहर के आधे हिस्से में दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक लगातार 6 घंटे बिजली गुल रही। शुक्रवार को जालोर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार रहने के कारण तीखी गर्मी और उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। आधे शहर में बत्ती गुल हुई
स्थानीय व्यापारी हुक्मीचंद और अन्य नागरिकों ने बताया कि शहर की मानपुरा कॉलोनी, रामदेव कॉलोनी, राजेंद्र नगर, शिवाजी नगर, शांतिनगर और कालका कॉलोनी समेत आधे से अधिक शहर में दोपहर 12 बजे अचानक बिजली चली गई। लगातार 5 घंटे तक बिजली न आने के कारण घरों और दुकानों में लगे इनवर्टर भी पूरी तरह से ठप हो गए। इसके बाद लोग दुकानों और घरों में कपड़ों और कागज के गत्तों से हवा करने को मजबूर नजर आए। आरोप- डिस्कॉम ऑफिस में नहीं उठे फोन
बिजली गुल रहने से शहर के व्यापारियों का व्यापार भी प्रभावित रहा। परेशान दुकानदारों और आम लोगों ने जब बिजली विभाग और एफआरटी के टोल फ्री व स्थानीय नंबरों पर संपर्क करने की कोशिश की, तो अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। बार-बार कॉल करने पर भी फोन नहीं उठाए गए, जिससे उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश देखा गया। ‘फॉल्ट ही नहीं मिल रहा’ का मिला जवाब
लोगों ने कहा कि अघोषित और लंबी कटौती को लेकर बिजली विभाग के उच्च अधिकारियों से बात की गई, तो उन्होंने अपनी लाचारी जताते हुए अजीब तर्क दिया। अधिकारियों का कहना था कि, बिजली गुल होने के बाद से ही हमारी तकनीकी टीम दोपहर से लगातार काम पर लगी हुई है, लेकिन लाइन में फॉल्ट कहां है, इसका पता नहीं चल पा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *