5 साल की मासूम से रेप का आरोपी अरेस्ट:पहले भी रेप समेत 4 मामले दर्ज, रिश्तेदार के साथ गांव में आया था
अलवर में पांच साल की मासूम बच्ची से रेप के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को शरण देने वाले एक अन्य व्यक्ति को भी जयपुर के गांधी नगर रेलवे स्टेशन से दबोच लिया। एसपी सुधीर चौधरी ने बताया- आरोपी के खिलाफ पहले से पॉक्सो एक्ट में रेप सहित चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी ने वारदात के दिन पहले बच्ची को बाइक पर बैठाकर अगवा किया। उसे पहाड़ी क्षेत्र में ले जाकर रेप किया। घटना के समय आरोपी नशे की हालत में था। वारदात के बाद उसने मासूम को वापस घर के पास छोड़ा, उसे धमकाया और टॉफी दिलाकर किसी को नहीं बताने के लिए डराया। पुलिस के अनुसार, आरोपी का पीड़ित परिवार से कोई परिचय नहीं था। वह पहले अपने एक रिश्तेदार के साथ गांव में आया था। घटना के दिन दौसा से नारायणी माता के दर्शन करने पहुंचा, इसके बाद नशा किया और गांव में घूमते हुए बच्ची को अकेला देखकर बाइक पर बैठाकर ले गया। ओला में कैब चलाता था आरोपी एसपी ने बताया- आरोपी पेशे से ओला कैब चालक है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए कंपनी को भी नोटिस भेजा जाएगा, ताकि चालक रखने से पहले उनके आपराधिक रिकॉर्ड अनिवार्य रूप से जांचा जाए। ऐसे प्लेटफॉर्म पर बड़ी संख्या में महिलाएं और बच्चियां सफर करती हैं, इसलिए सुरक्षा के लिए यह जरूरी है। पत्नी भी छोड़कर जा चुकी पुलिस के मुताबिक आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसकी हरकतों के कारण उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर जा चुकी है। वारदात के बाद आरोपी जयपुर से उदयपुर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस ने विभिन्न टीमों की संयुक्त कार्रवाई से उसे जयपुर गांधी नगर जंक्शन पर दबोच लिया।

