लाइनमैन से लेकर फील्ड स्टाफ तक का टोटा होगा दूर:एवीवीएनल : 539 पद भरेंगे, 3 के बजाय 1 घंटे में होगा फॉल्ट सुधार

भीषण गर्मी के बीच बार-बार ट्रिपिंग और अघोषित बिजली कटौती से परेशान उदयपुर के उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। अजमेर विद्युत वितरण निगम (एवीवीएनएल) के उदयपुर वृत्त में लंबे समय से बने स्टाफ संकट को दूर करने के लिए प्रदेश सरकार ने तैयारी शुरू कर दी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, डिस्कॉम में रिक्त तकनीकी पदों के आधे से अधिक पदों पर इसी वर्ष भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वर्तमान में शहर (नॉन-टीएसपी) और ग्रामीण (टीएसपी) क्षेत्रों को मिलाकर कुल 1,652 स्वीकृत तकनीकी पदों में से 539 पद रिक्त हैं, जो कुल पदों का 32.62 प्रतिशत है। लाइनमैन और तकनीकी सहायकों की कमी के कारण ट्रांसफार्मर जलने या लाइनों में फॉल्ट आने पर मरम्मत में औसतन 1 से 3 घंटे तक लग जाते हैं। वहीं, जेईएन के 18 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया भी तेज कर दी गई है। नई भर्ती के बाद फील्ड में स्टाफ की उपलब्धता बढ़ने से फॉल्ट सुधार का समय घटकर आधे से एक घंटे तक रह जाने की उम्मीद है। इससे न केवल बिजली व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि अघोषित कटौती की समस्या में भी कमी आएगी। भर्ती में 4 से 6 माह लगेंगे, अगली गर्मियों में मिलेगी राहत हालांकि भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पूरा होने में अभी समय लगेगा। विज्ञप्ति जारी होने, परीक्षा, परिणाम, काउंसलिंग और नियुक्ति की प्रक्रिया में कम से कम 4 से 6 माह का समय लगना तय है। उधर, जिले की बिजली आपूर्ति को मजबूती देने वाले घासा के निर्माणाधीन 440 केवी जीएसएस और शहर के लिए स्वीकृत 20 नए जीएसएस भी अगले वर्ष तक ही शुरू हो पाएंगे। ऐसे में मौजूदा गर्मी में उपभोक्ताओं को वर्तमान संसाधनों के सहारे ही काम चलाना होगा, लेकिन अगले वर्ष तक उदयपुर के ‘नो-कट जोन’ बनने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति की उम्मीद है। जरूरी क्यों… खाली पदों से पूरे सिस्टम पर बढ़ रहा है दबाव
शुरुआती योजना में फील्ड स्तर के तकनीकी सहायकों को शामिल नहीं किया गया था, लेकिन अब सरकार तकनीकी संवर्ग के 50% से अधिक रिक्त पद भरने की तैयारी कर रही है। खाली पदों के कारण मौजूदा बिजली ढांचे पर दबाव बढ़ गया है। नए लाइनमैन और सब-स्टेशन अटेंडेंट की नियुक्ति से स्पॉट बिलिंग, लाइनों के रखरखाव में तेजी आएगी। बता दें कि हाल ही में प्रदेश स्तर पर जेईएन, जूनियर अकाउंटेंट और जूनियर असिस्टेंट के 2,005 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *