वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा:1048 का 15 रुट के लिए चयन, यात्रा कार्यक्रम सितंबर से
गुरुवार को कलेक्ट्रेट में देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना की ऑनलाइन लॉटरी निकाली गई। इस मौके पर 1048 यात्रियों का चयन रेल से यात्रा के लिए हुआ। इसके अलावा 128 का सिलेक्शन हवाई यात्रा के लिए किया गया। इसके अलावा 1176 की प्रतीक्षा सूची भी जारी की गई है। योजना में जिले से 2446 लोगों ने आवेदन किया था। इसमें 15 रेल और एक हवाई मार्ग यात्रा शामिल है। सबसे अधिक वरीयता लोगों ने रामेश्वरम और तिरुपति बालाजी रूट को दी है। सहायक आयुक्त देवस्थान मुकेश कुमार मीणा ने बताया कि चयनित सभी वरिष्ठ नागरिकों को यात्रा की सूचना व्हाट्सएप और एसएमएस के माध्यम से दी जाएगी। साथ ही यात्रा से संबंधित पूरी जानकारी देवस्थान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगी। जिला परिषद की सीईओ मृदुल सिंह, एसी देवस्थान मुकेश कुमार मीणा सहित पर्यटन विभाग आदि के अधिकारी मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के तहत 56 हजार वरिष्ठ नागरिकों को निशुल्क तीर्थ यात्रा करवाई जाएगी। इस योजना में 50 हजार को रेल मार्ग से तथा 6 हजार वरिष्ठ नागरिकों को हवाई मार्ग से विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करवाई जाएगी। सबसे अधिक चाह रामेश्वर और तिरुपति की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना में पहली यात्रा सितंबर माह में जाने की संभावना है। चूंकि यात्रियों ने प्रथम वरीयता रामेश्वरम को दी है। इसलिए रामेश्वरम-मदुरै रूट पर ट्रेन भेजी जाएगी। अधिकांश यात्रियों को दीपावली से पहले यात्रा कराने का प्लान है।

