जसदेर तालाब के आगोर की जमीन पर अतिक्रमण का मामला:20 में से सिर्फ 8 बीघा जमीन से हटाए कब्जे,दूसरे दिन कार्रवाई नहीं
शहर के बाड़मेर ग्रामीण ग्राम पंचायत क्षेत्र के जसदेर तालाब के आगोर में प्रशासनिक लापरवाही के कारण सरकारी जमीन पर दुबारा अतिक्रमण शुरू हो गया है। खसरा संख्या 2546/1211 की 20 बीघा आगोर भूमि पर हुए अतिक्रमण को हटाने पहुंचा दस्ता महज 8 बीघा जमीन खाली कराकर लौट गया। कार्रवाई के दौरान अतिक्रमी महिला ने हाथों में पेट्रोल की बोतलें लेकर टीम का कड़ा विरोध किया। मौके पर काफी पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद इस उग्र विरोध के आगे अतिक्रमण दस्ता बेअसर साबित हुआ। टीम ने विरोध बढ़ता देख कार्रवाई को बीच में ही रोक दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर मौजूद लोगों को आश्वासन दिया था कि वे गुरुवार को दुबारा आकर बची हुई जमीन से अतिक्रमण हटाएंगे। लेकिन गुरुवार देर शाम तक न तो कोई अधिकारी पहुंचा और न ही अतिक्रमण दस्ता। 72 भूमिहीन परिवार कतार में, जमीन आवंटित नहीं की अतिक्रमियों ने मौके पर दुबारा कब्जा करना शुरू कर दिया है। एक तरफ दबंगों द्वारा आगोर की जमीन पर कब्जे किए जा रहे हैं, बाड़मेर ग्रामीण ग्राम पंचायत के 72 भूमिहीन परिवार पुनर्वास के इंतजार में हैं। सरपंच ने परिवारों को बसाने के लिए प्रशासन से 10 बीघा जमीन आवंटित करने की मांग की थी। इन 72 परिवारों की फाइलें तैयार है, लेकिन लंबे समय से दफ्तरों में धूल फांक रही हैं।

