जयपुर के जयसिंहपुरा खोर में उफनता सीवर:जवाहर नगर में 10 साल से भरा कीचड़, लाल डूंगरी के पास जर्जर श्मशान घाट और गांधी नगर की टूटी सड़क बनी आफत

जयपुर की जनता की समस्याओं को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने और उनका समाधान करवाने में दैनिक भास्कर का ‘भास्कर समाधान’ लगातार सबसे बड़ा सहारा साबित हो रहा है। हाल ही में शहर के अलग-अलग इलाकों से जन-समस्याएं सामने आईं, जिनमें जयसिंहपुरा खोर में कचरे के ढेरों के बीच सड़क पर बहता सीवर का पानी और गांधी नगर के गौतम नगर रोड पर पाइपलाइन डालने के बाद 1 साल से लावारिस छोड़ी गई बदहाल सड़क शामिल है। वहीं, जवाहर नगर सेक्टर-7 में ऑर्किड स्कूल के सामने पिछले 10 सालों से जमा बरसाती पानी अब जानलेवा दलदल और बीमारियों का केंद्र बन चुका है, तो दूसरी तरफ लाल डूंगरी मंदिर के पास श्मशान घाट का जर्जर टीन शेड जनप्रतिनिधियों की घोर उदासीनता बयां कर रहा है। इन विकट जन-समस्याओं के बीच ‘भास्कर समाधान’ के असर से राहत की सुखद तस्वीरें भी आईं। सीताबारी के सूर्या नगर में मुख्य पाइपलाइन का लीकेज दुरुस्त होने से सड़कों पर व्यर्थ बहता हजारों लीटर पानी और जनता की परेशानी रुक गई। इसी कड़ी में, ढेहर के बालाजी क्षेत्र से उठाई गई बंद स्ट्रीट लाइटों की शिकायत पर विभाग तुरंत एक्शन में आया। बिजली विभाग के एक्सईएन (XEN) रूपाराम ने ऑन-स्पॉट तकनीकी टीम भेजी और समाधान करवा दिया है। अपनी इसी शानदार कार्यप्रणाली के बदौलत XEN रूपाराम को आज का ‘स्टार ऑफिसर’ चुना गया है। (आमजन से जुड़ी जनसमस्या और शहर की जमीनी हकीकत को पोस्ट करने के लिए यहां क्लिक करें।) कचरे का ढेर और बहता सीवर
जयपुर के जयसिंहपुरा खोर इलाके के रहने वाले सुनील शर्मा ने दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ के माध्यम से प्रशासन की घोर लापरवाही और इलाके की बदहाली का कच्चा चिट्ठा खोला है। सुनील शर्मा ने नाराजगी जताते हुए लिखा कि जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में इन दिनों स्वच्छता व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर आ चुकी है। पूरे इलाके में जगह-जगह कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। साथ ही क्षेत्र की सीवर लाइन भी पूरी तरह चोक और बदहाल हो चुकी है, जिसके कारण सीवर का बदबूदार और दूषित पानी उफनकर मुख्य सड़कों पर बह रहा है। इस गंदगी और कचरे की वजह से स्थानीय निवासियों और राहगीरों का पैदल निकलना तक दूभर हो गया है, साथ ही वाहन चालकों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कीचड़ और बीमारी के बीच रह रहे क्षेत्रवासी
जवाहर नगर (सेक्टर-7) के निवासी अमित माथुर ने ‘भास्कर समाधान’ पर सिस्टम की पोल खोल दी है। अमित माथुर ने लिखा है कि क्षेत्र के ऑर्किड स्कूल के ठीक सामने पिछले 10 सालों से बरसाती पानी के भराव की विकट समस्या बनी हुई है, लेकिन आज तक इसका कोई स्थाई समाधान नहीं किया गया। एक दशक से जमा हो रहे इस पानी के कारण पूरी सड़क अब गहरे दलदल और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है। हालात इतने बदतर हैं कि स्कूल आने-जाने वाले मासूम बच्चों सहित अन्य वाहन चालक आए दिन इस कीचड़ में फिसलकर घायल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि लंबे समय से जमा इस सड़े हुए पानी में खतरनाक कीड़े-मकोड़े पनप रहे हैं, जिससे पूरे इलाके में जानलेवा बीमारियों और संक्रमण का खतरा हर वक्त सिर पर मंडरा रहा है। क्षेत्रवासियों ने आक्रोश जताते हुए पूछा है कि प्रशासन आखिर किस बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? उन्होंने ड्रेनेज सिस्टम को तुरंत दुरुस्त कर इस 10 साल पुराने नरक से निजात दिलाने की मांग की है।
लाल डूंगरी मंदिर के पास श्मशान घाट बदहाल
जयपुर शहर के बीच में स्थित प्रसिद्ध लाल डूंगरी मंदिर के पास रहने वाले जागरूक नागरिक गुलशन ने दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ के माध्यम से व्यवस्था को झकझोरने वाली एक गंभीर समस्या उजागर की है। गुलशन ने बताया कि इलाके के श्मशान घाट की स्थिति इस वक्त बेहद दयनीय और जर्जर हो चुकी है। अंतिम संस्कार के लिए श्मशान घाट के अंदर जो टीन शेड बने हुए हैं, वे पूरी तरह टूट चुके हैं और कभी भी भरभराकर गिरने की हालत में हैं, जिससे वहां आने वाले लोगों पर हर वक्त जान का खतरा मंडराता रहता है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि स्थानीय विधायक से लेकर नगर निगम के आला अधिकारियों तक को इस बदहाली से कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन सभी इस ओर से आंखें मूंदे बैठे हैं। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस श्मशान घाट को ठीक कराया जाए और जर्जर टीन शेड को तुरंत बदला जाए।
पाइपलाइन के नाम पर 1 साल पहले खोदी सड़क
गांधी नगर स्थित गौतम नगर रोड के रहने वाले जसपाल तंवर ने विकास के नाम पर किए जा रहे प्रशासनिक खिलवाड़ को उजागर किया है। जसपाल ने बताया कि करीब 1 साल पहले इलाके में पाइपलाइन डालने के उद्देश्य से मुख्य सड़कों को तोड़ दिया गया था, लेकिन पाइपलाइन का काम पूरा होने के बाद आज तक इस सड़क की सुध नहीं ली गई और इसे इसके हाल पर ही छोड़ दिया गया। पिछले एक साल से यह सड़क पूरी तरह मलबे और गड्ढों में तबदील हो चुकी है, जिसके कारण स्थानीय निवासियों का घरों से निकलना दूभर हो गया है और आए दिन वाहन चालक इन गड्ढों के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। धूल के गुबार और बदहाली से जूझ रहे क्षेत्रवासियों ने आक्रोश जताते हुए मांग की है कि ठेकेदार और संबंधित विभाग की इस लापरवाही पर सख्त एक्शन लिया जाए और सड़क की मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू करवाया जाए।
सूर्या नगर में पाइपलाइन का लीकेज दुरुस्त
जयपुर के सीताबारी स्थित सूर्या नगर के बाल कृष्ण शर्मा की सतर्कता और दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ की मुहिम एक बार फिर रंग लाई है। दरअसल, बाल कृष्ण शर्मा ने क्षेत्र की एक गंभीर समस्या को पोस्ट करते हुए बताया था कि मुख्य पेयजल पाइपलाइन में बड़ा लीकेज होने के कारण रोजाना हजारों लीटर साफ पानी सड़कों पर बहकर व्यर्थ हो रहा था, जिससे न सिर्फ सड़क खराब हो रही थी बल्कि कॉलोनी में पानी का प्रेशर भी कम हो गया था। इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम को मौके पर भेजा। विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए न सिर्फ पाइपलाइन के लीकेज को पूरी तरह दुरुस्त किया, बल्कि पानी की बर्बादी को भी रोक दिया। समस्या का सफल समाधान होने के बाद खुद बाल कृष्ण शर्मा ने दोबारा पोस्ट के माध्यम से समाधान होने की पुष्टि की और इस कार्रवाई के लिए ‘भास्कर समाधान’ और जलदाय विभाग का आभार जताया है।
ढेहर के बालाजी इलाके में चालू हुईं बंद स्ट्रीट लाइटें
जयपुर के ढेहर के बालाजी क्षेत्र की रहने वालीं अनीता की शिकायत पर दैनिक भास्कर के ‘भास्कर समाधान’ का बड़ा असर देखने को मिला है। अनीता ने अपने इलाके की समस्या को पोस्ट करते हुए बताया था कि उनकी गली की रोड लाइटें (स्ट्रीट लाइट्स) लंबे समय से खराब पड़ी हैं और काम नहीं कर रही हैं। लाइटें बंद होने की वजह से पूरी गली रात के वक्त घने अंधेरे में डूब जाती थी, जिससे स्थानीय निवासियों, खासकर महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा था और असामाजिक तत्वों का डर भी बना हुआ था। इस समस्या के पोस्ट होने के बाद बिजली विभाग के एक्सईएन (XEN) ने मामले पर तुरंत संज्ञान लिया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए तकनीकी टीम को मौके पर भेजकर गली की सभी बंद पड़ी रोड लाइटों को तुरंत दुरुस्त करवाया।
रूपाराम बने आज ‘स्टार ऑफिसर’
ढेहर के बालाजी क्षेत्र में रहने वालीं अनीता ने बंद रोड लाइट की समस्या पोस्ट की थी। जिसके बाद समस्या का त्वरित निस्तारण हो गया है। इस मामले की गंभीरता को समझते हुए बिजली विभाग के XEN रूपाराम ने तत्परता दिखाई। उन्होंने मौके पर तकनीकी टीम को भेजकर गली की सभी बंद लाइटों को तुरंत ठीक करवाया है। जनता को अंधेरे की समस्या से निजात दिलाने वाले XEN रूपाराम को आज का ‘स्टार ऑफिसर’ बनायाा गया हैं।
पब्लिक की आवाज बना ‘भास्कर समाधान’ ‘भास्कर समाधान’ सेगमेंट देशभर में इकलौता ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी सीधे अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू खुद पोस्ट कर सकते हैं। ये सेगमेंट जनता को अपने गली-मोहल्ले की परेशानियां सीधे विभाग के उच्चाधिकारियों के सामने रखने की सुविधा देता है। लोगों से मिले जबरदस्त रिस्पॉन्स के बाद अब इसे और अधिक प्रभावी, सरल और यूजर-फ्रेंडली बनाया गया है। अब सीधे अधिकारियों तक पहुंच रहीं समस्याएं दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपने एक्शन के बारे में बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उन्हीं अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे कॉल भी कर सकते हैं। ये खबरें भी पढ़िए… भास्कर एप से समस्याओं के समाधान की ये खबरें भी पढ़िए… 1.जनसमस्याओं की सुनवाई से समाधान तक:जयपुर में ‘भास्कर समाधान’ बना जनता की आवाज, मनोज मुदगल को मिला ‘पब्लिक का स्टार’ का सम्मान 2.जयपुर में माविका चौराहे पर चमकी सड़कें:खातीपुरा में बेसहारा पशुओं का जमावड़ा, सांगानेर की कॉलोनी में मुख्य रोड ऊंची और गलियां नीची होने से जलभराव 3.हनुमान वाटिका में 1 साल से टूटी रोड:मानसरोवर में बीच सड़क पर गैस पाइपलाइन का टैंक, पानी के संकट पर पार्षद शिव सोनी ने लिया एक्शन 4.कचरा, जलभराव और टूटी सड़कें बनी बड़ी समस्या:‘भास्कर समाधान’ पर उठी नागरिकों की आवाज, बनी पार्क और सांगानेर में हुआ समाधान 5.जयपुर में ‘भास्कर समाधान’ का असर:हरमाड़ा और विद्याधर नगर में चमकीं बंद पड़ी रोड लाइटें, शिकायत के महज 24 घंटे के अंदर जागा प्रशासन 6.जयपुर में कीचड़, धूल और अंधेरे से जनता परेशान:भास्कर समाधान से जनता को मिली राहत, शिकायत के बाद हरकत में आया प्रशासन 7.जयपुर में एक क्लिक पर खुली प्रशासन की नींद:टूटी पाइप लाइन ठीक, सुधरी स्ट्रीट लाइट; शहर के कई इलाकों में अब भी हाल बेहाल 8.‘भास्कर समाधान’: बुनियादी समस्याओं का मिल रहा हल:सड़क, पानी और सीवरेज जयपुर की बड़ी समस्या, यूजर बोले दो महीने से न गड्‌ढा भरा, न सड़क, कॉलोनी में पीने का पानी नहीं 9.‘भास्कर समाधान’: एक पोस्ट से हो रहा समस्याओं का हल:जयपुर में कहीं 14 साल से सड़क बनने का इंतजार, तो कहीं चूहों ने पूरा पार्क खोखला कर दिया 10. जयपुर में विकास के दावों की खुली पोल:जनता ने नगर निगम पर लगाया अनदेखी का आरोप, हरमाड़ा और गोविंदपुरी में सीवर समस्या का हुआ समाधान

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *