सीनियर वुमेंस टूर्नामेंट में जयपुर की शानदार जीत:DLS मेथड से उदयपुर को 29 रन से हराकर बाजी मारी, फाइनल में बनाई जगह
राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता में जयपुर टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। गुरुवार को आरसीए अकादमी मैदान पर खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में जयपुर ने उदयपुर को बारिश से प्रभावित मैच में DLS मेथड के आधार पर 29 रन से हराकर खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल किया। मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए उदयपुर की टीम 172 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से रिजा शेख ने सबसे अधिक 56 रन की पारी खेली, जबकि अल्पना रावत ने नाबाद 47 रन का योगदान दिया। दिव्यांशी शेखावत ने 23 रन देकर हासिल किए 2 विकेट जयपुर की गेंदबाजी काफी प्रभावी रही। दिव्यांशी शेखावत ने 23 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। अर्चना योगी ने 24 रन पर 2 विकेट और प्रिया सामोता ने 26 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। वहीं अंशिका चौधरी और संजू चौधरी ने एक-एक विकेट लिया। 40 रन बनाकर नाबाद रहीं ज्योति चौधरी 173 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयपुर टीम ने बारिश के व्यवधान के बीच 5 विकेट के नुकसान पर 142 रन बनाए। टीम की ओर से मेघा सैनी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 55 रन की अर्धशतकीय पारी खेली। ज्योति चौधरी 40 रन बनाकर नाबाद रहीं, जबकि अंशिका चौधरी ने 19 और अर्चना योगी ने नाबाद 15 रन का योगदान दिया। उदयपुर की ओर से सोनल, अल्पना, अंशिका, ऋतु और तनिश्का ने एक-एक विकेट हासिल किया, लेकिन जयपुर की बल्लेबाजी को रोकने में सफल नहीं हो सकीं। बारिश के कारण मैच प्रभावित होने पर DLS मेथड लागू किया गया, जिसमें जयपुर को 29 रन से विजेता घोषित किया गया। इस जीत के साथ जयपुर टीम ने प्रतियोगिता के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब जयपुर की नजर खिताब जीतने पर होगी। मैच के दौरान राजस्थान क्रिकेट संघ की एडहॉक कमेटी के सदस्य सुशील जैन, अरिष्ट सिंघवी और जयपुर जिला एडहॉक कमेटी संयोजक राजेश कुमार ताम्बी मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

