आईजी ने खैरथल में पुलिस व्यवस्था देखी:पेंडिंग केस, बीट सिस्टम और साइबर अपराध पर फीडबैक लिया

खैरथल जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश ने गुरुवार को खैरथल पहुंचकर जिले की पुलिस व्यवस्था का गहन जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला पुलिस मुख्यालय, कलेक्ट्रेट और खैरथल थाने में बैठकों के माध्यम से पुलिस अधिकारियों और कर्मियों से सीधे संवाद कर कानून-व्यवस्था, लंबित प्रकरणों, बीट प्रणाली, साइबर अपराध नियंत्रण और पुलिस वेरिफिकेशन जैसे विषयों पर समीक्षा की। दोपहर करीब 2 बजे आईजी राहुल प्रकाश खैरथल-तिजारा जिला पुलिस मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय, एडिशनल एसपी जया सिंह, डीएसपी, थाना प्रभारियों और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ क्राइम मीटिंग ली। बैठक में लंबित प्रकरणों के निस्तारण, बीट व्यवस्था की प्रभावशीलता, अपराध नियंत्रण और थानों की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तृत फीडबैक लिया गया। कलेक्टर से प्रशासनिक समन्वय, कानून व्यवस्था पर की चर्चा इसके बाद आईजी राहुल प्रकाश दोपहर 3:45 बजे जिला कलेक्टर निवास पहुंचे, जहां उन्होंने जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश से मुलाकात कर प्रशासनिक समन्वय और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। शाम 4:15 बजे आईजी खैरथल थाने पहुंचे, जहां उन्होंने पुलिस कर्मियों के साथ बैठक कर बेहतर पुलिसिंग, जनसहभागिता, अपराध रोकथाम और साइबर अपराध नियंत्रण को लेकर दिशा-निर्देश दिए। थाना परिसर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए आईजी राहुल प्रकाश ने कहा कि पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे अभियानों की प्रगति की समीक्षा की गई है और साइबर क्राइम पर विशेष रूप से फोकस किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के नेतृत्व में खैरथल-तिजारा और भिवाड़ी पुलिस जिलों में साइबर अपराध के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की गई है, जिससे साइबर अपराध के ग्राफ में कमी आई है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस क्षेत्र में अभी और अधिक सशक्त कार्य करने की आवश्यकता है। पुलिस वेरिफिकेशन को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश आईजी ने CCTV कैमरों की संख्या बढ़ाने, निजी कैमरों को भी पुलिस नेटवर्क से जोड़ने और पुलिस वेरिफिकेशन को प्राथमिकता से लागू करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस वेरिफिकेशन अपराध नियंत्रण में बेहद सहायक है और इसे हर नागरिक को करवाना चाहिए। जयपुर जिले में इसे प्राथमिकता से लागू किया गया है और अब भिवाड़ी तथा खैरथल-तिजारा जिलों में भी इसे सख्ती से लागू कराने के लिए एसपी को निर्देशित किया जाएगा। आईजी राहुल प्रकाश ने स्पष्ट कहा कि यदि कोई व्यक्ति पुलिस वेरिफिकेशन नहीं करवाता है तो वह अपराध की श्रेणी में आ सकता है और ऐसी स्थिति में एफआईआर भी दर्ज की जा सकती है। इस दौरान किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह यादव, खैरथल थाना अधिकारी रामकिशन यादव, किशनगढ़बास थाना प्रभारी बनवारीलाल मीणा सहित पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *