भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर अलवर में प्रदर्शन:श्रद्धांजलि देकर जांच की मांग; कहा- सरेंडर करने के बाद एनकाउंटर किया
बिहार में हुए भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर अलवर में युवाओं ने भगत सिंह चौराहे पर पहुंचकर सभा आयोजित की। युवाओं ने गुरुवार को भरत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए बिहार सरकार और बिहार पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रदर्शन कर रहे युवाओं ने कहा- भरत तिवारी के साथ अन्याय हुआ है। युवाओं का आरोप है कि यदि भरत तिवारी ने पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया था तो उसके बाद गोली चलाने की आवश्यकता नहीं थी। युवाओं ने पूरे घटनाक्रम की न्यायिक जांच कर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। युवा यश जोशी ने कहा- भरत तिवारी गरीबों और मजदूरों की आवाज उठाने वाला समाजसेवी था। उनका आरोप है कि बिहार पुलिस ने भरत का एनकाउंटर कर दिया। उन्होंने बिहार सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच करवाने तथा कार्रवाई में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग की। साथ ही भरत तिवारी को शहीद का दर्जा देने की भी मांग की। उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को मिले सजा दीपक शर्मा ने कहा- भरत तिवारी एससी-एसटी और गरीब तबके के लोगों की आवाज उठाते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस द्वारा किया गया एनकाउंटर संदिग्ध परिस्थितियों में हुआ है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों को कठोर सजा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने कहा- मामले से जुड़े सभी तथ्यों को सार्वजनिक किया जाना चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आगे भी आंदोलन जारी रहेगा।

