कोर्ट में पैरवी करने वाले वकील पर जानलेवा हमला:अपहरण की कोशिश और लूटपाट की, थाने में मामला दर्ज
जिले के चिरांना गांव में एक वकील को बदमाशों ने अपना निशाना बनाया है। कोर्ट में मुकदमों की पैरवी करने से रंजिश रखते हुए बदमाशों ने पहले वकील के साथ मारपीट की, फिर पिस्तौल की नोक पर अपहरण करने का प्रयास किया और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। यह है पूरा मामला पीड़ित अधिवक्ता बजरंग लाल सैनी ने गोठड़ा पुलिस थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में बताया है कि वे सीकर और नवलगढ़ की अदालतों में वकालत का कार्य करते हैं। गत 24 जून 2026 की रात करीब 8:35 बजे जब वे अपनी दुकान का चैनल गेट बंद कर रहे थे, तभी एक सफेद कैंपर गाड़ी (नंबर RJ37 GA 3407) और एक सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (नंबर 3348) वहां आकर रुकीं। बदमाशों ने की मारपीट और अपहरण की कोशिश प्राथमिकी के अनुसार, गाड़ी और बाइक से कृष्ण स्वामी, चेतन शर्मा, विक्रम गुर्जर, महेंद्र गुर्जर, बबलू गुर्जर, अनिल गुर्जर समेत 6-7 अन्य बदमाश उतरे। बातचीत के बहाने बदमाश उन्हें कॉम्प्लेक्स के अंदर ले गए और वहां कृष्ण स्वामी व महेंद्र गुर्जर ने उनकी कनपटी पर देसी कट्टे जैसी बंदूक तान दी। बदमाशों ने वकील की जमकर पिटाई की, जिससे उनके नाक, चेहरे, गर्दन, हाथ और पीठ पर चोटें आईं। बदमाशों ने वकील को जबरन कैंपर गाड़ी में डालकर अपहरण करने का प्रयास किया और उनसे एटीएम कार्ड का पासवर्ड पूछने लगे। शोर मचाने पर आसपास के दुकानदार और परिजन दौड़कर आए, जिसके बाद बदमाश जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। कीमती सामान लूटा आरोप है कि बदमाशों ने मारपीट के दौरान वकील के गले से सोने की चेन, हाथ की अंगूठी, जेब में रखे 7,200 रुपये और उनके कीमती दस्तावेज, जिसमें पैन कार्ड और एटीएम कार्ड शामिल थे, लूट लिए। मुकदमों की पैरवी बनी रंजिश की वजह पीड़ित अधिवक्ता का कहना है कि वे अदालतों में पीड़ित परिवादियों की ओर से पैरवी करते हैं, इसी रंजिश के चलते इन लोगों ने उन पर हमला किया है।

