सोशल मीडिया पर लाइव के बाद युवक लापता:सुसाइड करने की दी थी चेतावनी; IGNP में ढूंढ रही पुलिस, छह जनों पर गंभीर आरोप
बीकानेर के छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र में एक युवक के सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो प्रसारित करने के बाद रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक ने लाइव के दौरान कुछ लोगों पर गंभीर आरोप लगाए और आत्महत्या करने की चेतावनी दी। इसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है। ऐसे में पुलिस अब उसे इंदिरा गांधी नहर के पास ढूंढ रही है, जहां उसके कपड़े और कार बरामद हुए हैं। जानकारी के अनुसार 465 आरडी निवासी गौरव सोनी ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर छह लोगों के नाम लेते हुए गंभीर आरोप लगाए। वीडियो वायरल होने के कुछ समय बाद युवक का मोबाइल बंद हो गया और वह लापता हो गया। नहर किनारे मिली कार और सामान घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तलाश शुरू की। जांच के दौरान माईलेटी के पास तथा IGNP नहर की आरडी 399 के निकट गौरव सोनी की कार, कपड़े और अन्य निजी सामान नहर किनारे मिले। इसके बाद युवक के नहर में गिरने या कूदने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और SDRF जुटी तलाश में सूचना मिलते ही छत्तरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर सर्च अभियान शुरू किया। बाद में बीकानेर से SDRF टीम को भी बुलाया गया। टीम नहर और आसपास के क्षेत्र में लगातार तलाश कर रही है। 465 हेड चौकी प्रभारी जेठाराम मेघवाल पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर मौजूद हैं और अभियान की निगरानी कर रहे हैं। हर पहलू से जांच खाजूवाला वृत्ताधिकारी आकांक्षा चौधरी ने बताया कि छत्तरगढ़ पुलिस युवक की तलाश में जुटी हुई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। नहर में सर्च अभियान चल रहा है और फिलहाल युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। वीडियो बना जांच का आधार पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है। वीडियो में लगाए गए आरोपों और युवक के लापता होने के बीच किसी संबंध की संभावना को भी खंगाला जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक गौरव सोनी का कोई पता नहीं चल पाया था और पुलिस व SDRF की टीम लगातार सर्च अभियान में जुटी हुई थी।

