भारतीय-क्रिकेट टीम के खिलाड़ी मानव 30 को श्रीगंगानगर आएंगे:जिला क्रिकेट संघ की ओर से किया जाएगा स्वागत, अपने अनुभव बताएंगे

भारतीय टेस्ट क्रिकेट टीम के उभरते सितारे और श्रीगंगानगर जिले के गौरव मानव सुथार 30 जून को श्रीगंगानगर आएंगे। मानव सुथार के प्रथम आगमन पर जिला क्रिकेट संघ, श्रीगंगानगर द्वारा भव्य स्वागत एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिसके लिए क्रिकेट संघ ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। जिला क्रिकेट संघ, श्रीगंगानगर के सचिव विनोद सहारण ने बताया- मानव सुथार ने अपनी लगन, मेहनत और शानदार प्रदर्शन से भारतीय क्रिकेट में खास पहचान बनाई है। उनके टेस्ट टीम में चयन और उत्कृष्ट प्रदर्शन से पूरा श्रीगंगानगर जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। अपने अनुभव शेयर करेंगे मानव समारोह में मानव सुथार को पारंपरिक राजस्थानी साफा, पुष्पमालाएं और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करने के लिए वे अपना क्रिकेट सफर और अनुभव भी साझा करेंगे। साथ ही जिले की ओर से उन्हें विशेष अभिनंदन-पत्र भी प्रदान किया जाएगा। इस मौके पर जिला क्रिकेट संघ द्वारा उत्कृष्ट खिलाड़ियों और कोचों को भामाशाह सेठ सुशील कुमार बिहाणी अवॉर्ड प्रदान किए जाएंगे। अन्य खेलों के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को भी शाल और श्रीफल देकर सम्मानित किया जाएगा। समारोह में जिले के क्रिकेट खिलाड़ी, कोच, खेल प्रेमी, विभिन्न खेल संगठनों के प्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाएं और नागरिक बड़ी संख्या में शामिल होंगे। जिला क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने जिले के सभी क्रिकेट प्रेमियों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक अवसर पर जरूर पहुंचें और मानव सुथार का भव्य स्वागत करें। संघ के अनुसार, मानव का संघर्ष और सफलता जिले के युवाओं के लिए प्रेरणा का अनमोल स्रोत है। यह संदेश देता है कि निरंतर मेहनत और अनुशासन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *