विश्व हिंदू परिषद ने जयपुर में किए संगठनात्मक बदलाव:वरिष्ठ प्रचारक आनंद को क्षेत्रीय संगठन मंत्री बनाया, सुभद्र पापड़ीवाल बने जयपुर प्रांत अध्यक्ष
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने जयपुर क्षेत्र और जयपुर प्रांत में संगठनात्मक बदलाव किए हैं। नई दिल्ली में हुई केंद्रीय प्रबंध समिति की बैठक में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक आनंद को जयपुर क्षेत्र (राजस्थान) का क्षेत्रीय संगठन मंत्री और सुभद्र पापड़ीवाल को जयपुर प्रांत का प्रांत अध्यक्ष नियुक्त किया गया। जयपुर प्रांत के प्रचार-प्रसार प्रमुख गजेन्द्र सिंह गुर्जर ने बताया- विश्व हिंदू परिषद की केंद्रीय प्रबंध समिति की 2 दिवसीय बैठक 19 और 20 जुलाई को नई दिल्ली के तेरापंथ भवन, छतरपुर में हुई। बैठक में देशभर से केंद्रीय पदाधिकारी और प्रबंध समिति के सदस्य शामिल हुए। इसी दौरान संगठन के विभिन्न दायित्वों की घोषणा की गई। पहले पटना क्षेत्र की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं आनंद आनंद इससे पहले विश्व हिंदू परिषद के पटना क्षेत्र में क्षेत्रीय संगठन मंत्री की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। संगठन में कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाने के बाद अब उन्हें जयपुर क्षेत्र का दायित्व सौंपा गया है। पहले प्रांत उपाध्यक्ष थे सुभद्र पापड़ीवाल सुभद्र पापड़ीवाल पहले जयपुर प्रांत के प्रांत उपाध्यक्ष थे। वे उद्योग जगत से जुड़े हैं और सीतापुरा इंडस्ट्रीज एसोसिएशन व यूकोरी के संस्थापक संरक्षक भी हैं। अब उन्हें जयपुर प्रांत का नया अध्यक्ष बनाया गया है।

