ब्रेकिंग न्यूज़
बीकानेर में अनकंट्रोल प्राइवेट बस पलटी, मासूम की मौत:16 यात्री घायल,14 रेफर, गाय को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा

जोधपुर से लुधियाना जा रही एक निजी बस के सामने अचानक गाय आने से बड़ा सड़क हादसा हो गया। गाय को बचाने की कोशिश में बस अनकंट्रोल होकर पलट गई। हादसे में 8 माह के मासूम माधव की मौत हो गई, जबकि 16 यात्री घायल हो गए। इनमें 14 की हालत गंभीर होने पर उन्हें पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया। हादसा रविवार देर रात बीकानेर के लूणकरणसर क्षेत्र में एनएच-62 पर विश्वकर्मा मार्केट के पास हुआ। बस पलटते ही मची चीख-पुकार, लोगों ने शुरू किया रेस्क्यू हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए घायलों को बस से बाहर निकाला। सूचना मिलने पर लूणकरणसर थानाधिकारी गणेश कुमार विश्नोई और उप निरीक्षक धर्मवीर सिंह पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। 14 गंभीर घायलों को पीबीएम अस्पताल किया रेफर स्थानीय लोगों और एम्बुलेंस की मदद से सभी घायलों को लूणकरणसर के उप-जिला अस्पताल पहुंचाया गया। तब तक 8 माह के मासूम माधव की मौत हो चुकी थी। उसके शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 14 गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए बीकानेर के पीबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। क्रेन से हटाई गई बस, हादसे की जांच शुरू पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर दुर्घटनाग्रस्त बस को सड़क से हटवाया। पहले क्रेन की मदद से बस को सीधा किया गया, इसके बाद उसे हाईवे से हटाया गया ताकि यातायात सामान्य हो सके। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बस के सामने अचानक गाय आने से हादसा हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *