अलवर में मृत लोगों के नाम बनाए फर्जी पट्टे:पूर्व सरपंच बोलीं- मेरी मुहर चोरी कर पूर्व उप-सरपंच ने फंसाया, उप सरपंच बोले- दबाव बना रहे
अलवर जिले में देसूला गांव में करीब 100 करोड़ रुपए की गोचर (चारागाह) भूमि पर फर्जी पट्टे बनाकर कुछ लोगों ने करोड़ों रुपए का लोन उठा लिया। इसके अलावा मर चुके व्यक्ति के नाम भी पट्टे जारी कर दिए गए। इन पट्टों का पंचायत स्तर पर कोई रेकॉर्ड नहीं है, लेकिन सब-रजिस्ट्रार ऑफिस में पट्टे रजिस्टर्ड करा लिए गए। इसके बाद उप-सरपंच देव कृष्ण मल्होत्रा ने 54 फर्जी पट्टे जारी करने की शिकायत सरकार के स्तर पर की। इसके बाद जांच में पट्टे फर्जी पाए गए, लेकिन सही कार्रवाई नहीं करने पर हाल ही 17 जुलाई को जिला परिषद सीईओ ने वीडीओ को सस्पेंड कर दिया था। वहीं अब पूर्व सरपंच सावित्री देवी और उसके पोते दीपक ने सोमवार को मीडिया के सामने आकर उप-सरपंच देव कृष्ण मल्होत्रा पर ही फर्जी पट्टे जारी करने के आरोप लगाए। कहा कि उप-सरपंच ने सरपंच की मुहर चुराकर पट्टे बनाए हैं और इसके लिए लोगों से रुपए भी लिए हैं। पूर्व सरपंच के पोते दीपक ने कहा- मुझसे भी उप-सरपंच ने 70 हजार रुपए लिए थे। मेरी मुहर चोरी हुई, फोरेंसिक जांच कराओ इधर, 81 वर्षीय निवर्तमान महिला सरपंच सावित्री देवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर खुद को बेकसूर बताया। उन्होंने कहा- प्रशासक बनने के बाद मेरी फर्जी मुहर और फर्जी हस्ताक्षरों का गलत इस्तेमाल कर ये पट्टे जारी किए गए। उपसरपंच बलदेव मल्होत्रा पिछले 5-6 साल से मुझे प्रताड़ित कर रहे हैं। जेल भिजवाने की धमकी देकर मेरे पोते से 70 हजार रुपए भी बलदेव ने ऐंठ लिए। इस पूरे मामले में मेरे हस्ताक्षरों की फोरेंसिक (वैज्ञानिक) जांच कराई जाए, सच्चाई अपने आप सामने आ जाएगी। मृतक के नाम जारी किए पट्टे साल 2002 में दिवंगत हो चुके व्यक्ति के नाम पर साल 2025 में फर्जी पट्टा जारी कर दिया गया। कई पट्टों में पिता को पुत्र और पुत्र को पिता बना दिया गया था। पट्टा संख्या-18 समेत कई दस्तावेज कॉमन जानकारी के साथ अलग-अलग लोगों को जारी कर दिए गए। अप्रैल से सितंबर 2025 के बीच जारी 54 विवादित पट्टों में से 7 पट्टे निवर्तमान सरपंच सावित्री देवी के बेटों, पोतों और पुत्रवधू के नाम पाए गए हैं। देसूला के बूटा सिंह के नाम से एक पट्टा बनाया गया, जबकि उन्हें मरे हुए 25 साल हो गए हैं। बूटा सिंह पूर्व उप सरपंच बलदेव मल्होत्रा के पिता हैं। यही नहीं एक-दूसरे पट्टे में बूटा सिंह को बलदेव का पुत्र बना दिया। सरपंच सावित्र देवी ने कहा- यह सब फर्जीवाड़ा उप सरपंच बलदेव ने किया है। वहीं बलदेव ने कहा- मैं करता तो गलत नाम-पते कैसे दर्ज होते। कोई रिकॉर्ड नहीं साल 2020 के बाद पंचायत रिकॉर्ड में इन पट्टों से संबंधित कोई फाइल ही मौजूद नहीं है। बिना आवेदन और बिना फीस जमा किए ही बैकडेट में पट्टे बनाकर सब-रजिस्ट्रार कार्यालय से रजिस्ट्रियां भी करवा ली गईं। शिकायत वापस लेने का दबाव, फंसाने के लिए मेरे नाम भी पट्टा बनाया- उपसरपंच मामले का खुलासा करने वाले पूर्व उपसरपंच बलदेव कृष्ण मल्होत्रा ने सीएमओ के बाद अब जिला कलेक्टर को नया परिवाद सौंपा है। मल्होत्रा का आरोप है कि मुझ पर शिकायत वापस लेने का लगातार दबाव बनाया जा रहा है। मुझे और मेरे परिवार को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए मेरे नाम पर भी फर्जी पट्टे तैयार कर दिए गए।
यह खबर भी पढ़ें… 50 करोड़ की सरकारी जमीन पर भू-माफिया के 150-फर्जी पट्टे:पूर्व VDO के फेक साइन, 6 पट्टों पर सरपंच के परिवार का नाम; लोन भी उठाया अलवर जिले में करीब 50 करोड़ रुपए कीमत की सरकारी और गोचर भूमि को भू-माफिया ने हड़प लिया है। यह मामला अलवर के निकट रामगढ़ रोड पर देसूला का है। इस जमीन पर अलवर UIT (अरबन इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट) की नई आवासीय योजना आनी है। इससे पहले ही भू-माफिया ने इस जमीन पर 150 फर्जी पट्टे बनाकर बैंक से करोड़ों रुपए का लोन उठा लिया। (पूरी खबर पढ़ें)

