सीकर में रोडवेजकर्मियों का कॉकरोच पार्टी काे समर्थन:केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग; सोनम वांगचुक को उठाने का विरोध
सीकर के रोडवेज बस डिपो में आज वामपंथी संगठन सीटू के बैनर तले रोडवेजकर्मियों ने दिल्ली में चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन को समर्थन दिया है। सीटू के ज्वाइंट जनरल सेक्रेटरी श्योदान राम ने कहा कि पूरे देशभर के स्टूडेंट्स आज पेपर लीक और बेरोजगारी की समस्या से पीड़ित हैं। नीट पेपर लीक के बाद दर्जनों बच्चों ने सुसाइड कर लिया, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। इससे पहले सीटू के बैनर तले रोडवेज कर्मचारी बस डिपो के पोर्च में इकट्ठे हुए और नारेबाजी की। सीटू के नेताओं ने कहा कि दिल्ली में जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण चल रहे धरने से सोनम वांगचुक को बर्बरतापूर्वक उठाना बेहद कायराना हरकत है। सोनम वांगचुक कोई आम आदमी नहीं देश के युवाओं के आइडल हैं, ऐसे में उनके साथ विनम्रता से पेश आना चाहिए था। सीटू के श्योदान राम ने कहा कि सीकर जैसी शिक्षानगरी को पेपर लीक के लिए शर्मिंदा होना पड़ा। गांवों के बच्चे शहर में सफलता के सपने लेकर पढ़ने आते हैं। पेपर लीक जैसी घटनाओं से बच्चों का मनोबल टूटता है। केंद्र सरकार को मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर पेपर लीक के खिलाफ कड़ा संदेश देना चाहिए और भविष्य के लिए छात्रों का हौसला बढ़ाना चाहिए।

