454 श्रद्धालुओं का निःशुल्क तीर्थ यात्रा के लिए चयन:1521 आवेदनों में से ऑनलाइन लॉटरी, 405 ट्रेन और 49 यात्री हवाई यात्रा करेंगे
राजस्थान सरकार की वरिष्ठ नागरिक निःशुल्क तीर्थ यात्रा योजना के तहत सलूम्बर जिले के 454 श्रद्धालुओं का चयन किया गया है। गुरुवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट परिसर के वीसी कक्ष में ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयन प्रक्रिया पूरी की गई। जिलेभर से प्राप्त 1521 आवेदनों में से पात्र श्रद्धालुओं का चयन पारदर्शी तरीके से किया गया। लॉटरी प्रक्रिया जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. और अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला की मौजूदगी में संपन्न हुई। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। चयनित 454 यात्रियों में से 405 श्रद्धालु रेल मार्ग से विभिन्न तीर्थ स्थलों की यात्रा करेंगे, जबकि 49 श्रद्धालुओं को हवाई यात्रा का अवसर मिलेगा। यह आवंटन राज्य सरकार द्वारा निर्धारित कोटे के अनुसार किया गया है। देवस्थान विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों के लिए तीर्थ स्थलों का अंतिम निर्धारण और यात्रा मार्ग तय होने के बाद विस्तृत कार्यक्रम जारी किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची जल्द होगी जारी देवस्थान विभाग के अनुसार, चयनित श्रद्धालुओं की सूची जल्द ही विभाग की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। इसके अलावा सूची को देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त कार्यालय और जिला कलेक्ट्रेट परिसर में भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि आवेदक आसानी से अपने चयन की जानकारी प्राप्त कर सकें। इस व्यवस्था का उद्देश्य चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और सभी के लिए सुलभ बनाना है। वेटिंग और अतिरिक्त प्रतीक्षा सूची भी तैयार ऑनलाइन लॉटरी के दौरान चयनित यात्रियों के साथ समान संख्या में वेटिंग सूची भी तैयार की गई है। यदि मुख्य सूची में शामिल कोई श्रद्धालु किसी कारणवश यात्रा नहीं कर पाता है, तो वेटिंग सूची में शामिल व्यक्ति को अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक अतिरिक्त प्रतीक्षा सूची भी बनाई गई है, जिससे यात्रा कार्यक्रम प्रभावित न हो और रिक्त स्थानों को समय पर भरा जा सके। 2011 की जनगणना के आधार पर मिला यात्रा कोटा देवस्थान विभाग ने बताया कि तीर्थ यात्रा योजना के लिए जिलों का कोटा वर्ष 2011 की जनगणना के आधार पर निर्धारित किया गया है। इसी मानक के अनुसार सलूम्बर जिले को 405 रेल यात्रियों और 49 हवाई यात्रियों का आवंटन प्राप्त हुआ है। इस कोटे के आधार पर ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया आयोजित कर पात्र वरिष्ठ नागरिकों का चयन किया गया। अगस्त के बाद रवाना हो सकती है पहली तीर्थ यात्रा ट्रेन विभागीय अधिकारियों के अनुसार, सलूम्बर जिले से तीर्थ यात्रियों की पहली विशेष ट्रेन अगस्त माह के बाद रवाना होने की संभावना है। विभिन्न तीर्थ स्थलों के लिए रूट तय होने के बाद यात्रा की तिथियां और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे। लॉटरी प्रक्रिया के दौरान जिला प्रभारी सचिव खजान सिंह वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। वहीं वीसी कक्ष में जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी., अतिरिक्त जिला कलेक्टर डॉ. दिनेश राय सापेला, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी, मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश चंद्र पाटीदार, उपनिदेशक सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग दीपक धाकड़, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेंद्र परमार, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से अमोल अहारी सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

