भास्कर अपडेट्स:जम्मू-कश्मीर में एक हफ्ते के अंदर दूसरा संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद
जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में सेना ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन बरामद किया है। पिछले एक हफ्ते में इस तरह का दूसरा ड्रोन मिला है। अधिकारियों के अनुसार, टेरिटोरियल आर्मी के जवानों ने शनिवार देर रात पुरमंडल क्षेत्र के सांगर खेतों से इस ड्रोन को बरामद किया। लगातार ड्रोन मिलने की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है। ड्रोन को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। इससे पहले 14 जुलाई को भी जम्मू क्षेत्र के देवक गांव के पास एक खुले मैदान से एक ड्रोन बरामद किया गया था। आज की अन्य बड़ी खबरें… आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के पास लॉरी-कार की टक्कर, 4 लोगों की मौत, एक घायल आंध्र प्रदेश के विजयनगरम जिले में सत्ताराव जंक्शन के पास एक लॉरी और कार की टक्कर हो गई। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही आनंदपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन पर उद्घाटन के कुछ घंटे बाद ही लिफ्ट खराब, 6 यात्री फंसे गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन पर शनिवार को नई लिफ्ट के उद्घाटन के कुछ ही घंटे बाद उसमें तकनीकी खराबी आ गई। इसके चलते 6 यात्री करीब एक घंटे तक लिफ्ट में फंसे रहे। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और लिफ्ट का दरवाजा काटकर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

