ब्रेकिंग न्यूज़
महिला पहलवान यौन शोषण केस में बृजभूषण सिंह बरी:बोले- होइहि सोइ जो राम रचि राखा; विनेश फोगाट बोलीं- उम्मीद नहीं छोड़ी, हाईकोर्ट जाएंगे

भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह को महिला पहलवानों से जुड़े यौन शोषण मामले में दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने बरी कर दिया। सोमवार को फैसले के वक्त पूर्व सांसद बृजभूषण और भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के पूर्व सचिव विनोद तोमर कोर्ट में मौजूद रहे। फैसले के बाद बृजभूषण ने कहा- जज ने कहा कि बृजभूषण और विनोद तोमर आप लोगों को बाइज्जत बरी किया जाता है। मैंने पहले कहा था कि अगर कोई आरोप साबित हो जाएगा तो मैं फांसी पर लटक जाऊंगा। मेरे लिए खुशी का दिन है। होइहि सोइ जो राम रचि राखा। कोर्ट के फैसले के बाद पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने कहा- हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है। हाईकोर्ट में फैसले को चुनौती देंगे। यौन शोषण का यह मामला जनवरी 2023 में सामने आया था। विनेश फोगाट, साक्षी मलिक समेत कई पहलवानों ने बृजभूषण के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए दिल्ली के जंतर-मंतर पर धरना दिया था। बृजभूषण तब WFI प्रेसिडेंट थे। आरोप था कि नाबालिग समेत 6 महिला पहलवानों ने बृजभूषण के खिलाफ शिकायत की थी, इसमें एक नाबालिग थी। लेकिन कोई FIR दर्ज नहीं हुई। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद अप्रैल 2023 में FIR दर्ज की गई। बाद में नाबालिग पहलवान ने शिकायत वापस ले ली थी। फैसले के बाद की 2 फोटोज… मामले में 127 सुनवाई हुईं, 32 गवाहों के बयान दर्ज हुए 2 जुलाई, 2026 को दोनों पक्षों की दलीलें पूरी होने के बाद कोर्ट ने फैसला सुरक्षित रख लिया था। मामले में कुल 1133 दिनों में 127 सुनवाई हुईं। 32 गवाहों के बयान दर्ज किए गए। बृजभूषण 20 जुलाई, 2023 से नियमित जमानत पर थे। 10 मई, 2024 को अदालत ने दिल्ली पुलिस की चार्जशीट के आधार पर आरोप तय किए थे, जिसके बाद ट्रायल शुरू हुआ था। आगे क्या: महिला पहलवान हाईकोर्ट में अपील कर सकती हैं कोर्ट से बरी का मतलब है कि कोर्ट में अभियुक्त के खिलाफ आरोप साबित नहीं हो पाए, इसलिए उसे सजा नहीं दी गई। इसका यह मतलब नहीं होता कि वह दोषमुक्त हो गया है। पीड़ित महिला पहलवान इस मामले में हाईकोर्ट में अपील कर सकती हैं। इसके लिए 60 दिन के अंदर उन्हें हाईकोर्ट से विशेष अनुमति लेनी होती है। अनुमति मिलने पर वे याचिका दायर कर सकती हैं। सामान्य रूप से आवेदन और याचिका एकसाथ दायर कर दी जाती हैं। फैसले के बाद बृजभूषण बोले- कभी खुद को दोषी नहीं माना फैसले के बाद बृजभूषण जब अपने आवास पहुंचे तो समर्थकों ने उन पर फूल बरसाए। मीडिया के सवालों पर उन्होंने कहा- मैंने कभी खुद को दोषी नहीं माना। हम जूनियर खिलाड़ियों के अधिकारों की लड़ाई लड़ रहे थे। संघर्ष से हमेशा निखार ही आता है। इस केस से यह बात साबित हो गई कि ओलंपियन ओलंपिक पदक विजेता भी अपने स्वार्थ के लिए झूठ बोल सकते हैं। बृजभूषण के सांसद बेटे करण भूषण ने फेसबुक पर पोस्ट किया। लिखा- साजिश हुई नाकाम, सत्य की हुई जीत। संसद पहुंचने पर कहा कि एक समय पर मेरे पिता को मजबूर किया जा रहा था। सारी पार्टी साथ आकर बोल रही थीं कि फांसी दे देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पिताजी दोबारा संसद में आएंगे। हमारी गाड़ी में साथ बैठकर आएंगे। पिछले तीन सालों में मेरे परिवार को मानसिक और सामाजिक पीड़ा झेलनी पड़ी। मेरी मां, मेरी बहन और हम लोग कहीं मुंह नहीं दिखा पाए। आज उसका जवाब कौन देगा? WFI अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा- ब्रजभूषण पर लगे आरोप बेबुनियाद और राजनीतिक थे। इस विवाद से भारतीय कुश्ती को नुकसान हुआ। अगर यह मामला नहीं होता तो भारत ओलंपिक में 4 और पदक जीत सकता था। विनेश बोलीं- पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे विनेश फोगाट ने कहा- सत्ताधारी पार्टी के एक बाहुबली नेता के खिलाफ FIR दर्ज करवाने के लिए बहुत हिम्मत जुटानी पड़ी थी। सत्ता और अपने बाहुबल के दम पर बृजभूषण ने कई लड़कियों को डराकर उनके नाम वापस करवाए हैं। पर कई महिला पहलवान खड़ी रहीं और कोर्ट में लड़ाई लड़ती रहीं। हमें दुख है कि अदालत ने बृजभूषण को यौन हिंसा के आरोपों में दोषी नहीं माना। पहले दिन से सारा तंत्र, सरकार और ये सिस्टम बृजभूषण को बचाने के लिए लगा हुआ था। महिला पहलवानों ने अपने वकीलों को इस फैसले के खिलाफ अपील करने का निर्देश दे दिया है। पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। पहलवान बजरंग पूनिया ने कहा- आज का जो फैसला है उससे ये साफ हो गया है कि सारी ताकत उनके पास है। सब कुछ है उनके पास। उन्होंने गवाह तोड़ दिए। हमें नहीं समझ आ रहा की किस आधार पर उन्हें बरी किया गया है। द्रोणाचार्य अवॉर्डी और विनेश के ताऊ महावीर फोगाट ने कहा- कोर्ट का फैसला सर्वमान्य है। उसे कौन बदल सकता है। सभी पहलवानों ने अपनी लड़ाई लड़ी, लेकिन आखिर में फैसला कोर्ट को ही करना था। कोर्ट से बड़ा इस देश में कोई नहीं है। कोर्ट के फैसले पर किसने, क्या कहा? पहलवानों के आंदोलन के दौरान ये बड़े घटनाक्रम हुए पहला धरना (जनवरी 2023) 18 जनवरी 2023: विनेश फोगाट, साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया समेत कई पहलवानों ने जंतर-मंतर पर बृजभूषण शरण सिंह पर यौन शोषण के आरोप लगाते हुए धरना शुरू किया।
20 जनवरी 2023: पहलवानों ने भारतीय ओलिंपिक संघ (IOA) को शिकायत सौंपी। IOA ने मैरी कॉम की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई।
21 जनवरी 2023: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर से बैठक के बाद सरकार ने जांच का भरोसा दिया। पहलवानों ने पहला धरना समाप्त किया। खेल मंत्रालय ने WFI की गतिविधियों पर रोक लगाई। दूसरा धरना (अप्रैल–जून 2023) 23 अप्रैल 2023: जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होने और कार्रवाई न होने का आरोप लगाते हुए पहलवान फिर जंतर-मंतर लौटे। 24 अप्रैल 2023: सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल, बृजभूषण के खिलाफ FIR की मांग। 28 अप्रैल 2023: सुप्रीम कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद दिल्ली पुलिस ने दो FIR दर्ज कीं। 28 मई 2023: नए संसद भवन की ओर मार्च की कोशिश; दिल्ली पुलिस ने बैरिकेडिंग कर पहलवानों को हिरासत में लिया और जंतर-मंतर का धरना खत्म कराया। 30 मई 2023: हरिद्वार में गंगा में मेडल बहाने पहुंचे; किसान नेता नरेश टिकैत के समझाने पर फैसला टला। 7 जून 2023: खेल मंत्री अनुराग ठाकुर के साथ करीब छह घंटे की बैठक के बाद पहलवानों ने आंदोलन स्थगित करने का ऐलान किया। ————————— ये खबर भी पढ़िए- विनेश फोगाट बोलीं- सड़कों पर उतरकर FIR करानी पड़ी थी, कोर्ट के फैसले को चुनौती देंगे बृजभूषण को कोर्ट से राहत के बाद पहलवान विनेश फोगाट और बजरंग पूनिया ने X पर एक जैसी मीडिया स्टेटमेंट जारी की। इन्होंने लिखा, “महिला पहलवानों को सड़क पर उतरकर बृजभूषण सिंह के खिलाफ FIR करानी पड़ती थी। हमने उम्मीद नहीं छोड़ी है और पहलवान अपनी लड़ाई जारी रखेंगे। कोर्ट के फैसले को चुनौती देंगे।” पूरी खबर पढ़िए

कश्मीर के कुपवाड़ा में बादल फटने से 1 की मौत:उत्तराखंड में लैंडस्लाइड से हाईवे बंद; छत्तीसगढ़ में पुल टूटा; UP में सड़क पर नाव चली

कश्मीर के कुपवाड़ा में बादल फटने के बाद आई बाढ़ से एक महिला की मौत हो गई।पुलिस ने बताया कि बादल फटने से इलाके में अचानक पानी का तेज बहाव आ गया था। इसके बाद सोमवार को बांदीपोरा में भी एक बादल फटा। वहीं, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में लैंडस्लाइड के कारण यमुनोत्री नेशनल हाईवे कई जगहों पर बंद हो गया है। इसके चलते यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, रुद्रप्रयाग में लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में लैंडस्लाइड का खतरा बढ़ गया है। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश से बिलासपुर-रतनपुर-पेंड्रा मार्ग पर पुल दो हिस्सों में टूट गया। इसी दौरान पुल से गुजर रही एक यात्री बस बीच में फंस गई। पहाड़ी इलाकों में हो रही भारी बारिश से उत्तर प्रदेश में गंगा, घाघरा और शारदा समेत 10 नदियां उफान पर हैं। बिजनौर में गंगा का पानी 6 गांवों में घुस गया है, जिससे सड़कों पर नाव चल रही हैं। सैटेलाइट मैप में देखें मानसूनी बादलों की स्थिति देशभर से मौसम की तस्वीर देशभर में मौसम के अपडेट्स के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…

दतिया में फिर हारी BJP, 6016 वोट से कांग्रेस जीती:नरोत्तम का बूथ भी हारे; आशुतोष बोले- जो भीतरघाती भाजपा को मां कहते हैं, उन्हें सोचना चाहिए

मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने लगातार दूसरी बार भाजपा को हराया। कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को 66 हजार 757 और भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60 हजार 741 वोट मिले। घनश्याम ने 6016 वोटों से जीत दर्ज की। दतिया सीट राजेंद्र भारती को फ्रॉड मामले में 2 साल की सजा मिलने के बाद खाली हुई थी। पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के पोलिंग बूथ नंबर 121 पर भी भाजपा हार गई। यहां कांग्रेस को 291 और भाजपा को 264 वोट मिले। तीसरे स्थान पर आजाद समाज पार्टी रही। दामोदर यादव मंडल को 22 हजार 527 वोट मिले। वहीं, जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने कहा कि भाजपा की अंत की शुरुआत हो चुकी है। काउंटिंग सेंटर में भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने कहा- जो भीतरघाती हैं, जो भाजपा को मां कहते हैं और फिर ऐसा मजाक करते हैं, उनको सोचना चाहिए। हार के बाद भोपाल में नरोत्तम मिश्रा के बंगले में ताला लगा है। CM मोहन बोले- कांग्रेस की सीट कांग्रेस के पास ही रही वहीं हार के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा- दतिया पहले से कांग्रेस की सीट थी। इस बार भी कांग्रेस के पास ही रही। पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में भाजपा को इस बार करीब 1700 वोट अधिक मिले हैं। भाजपा मंगलवार को समीक्षा बैठक बुला सकती है। भीतरघात करने वालों पर एक्शन ले सकती है। प्रदेशभर में कांग्रेस का जश्न, बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस में शामिल दतिया की जीत के बाद राजगढ़, गुना, शिवपुरी, नर्मदापुरम, मंदसौर, मैहर और खंडवा समेत कई जिलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी की। मिठाइयां बांटी और विजय जुलूस निकाले। कई जगह “दतिया तो झांकी है, मध्य प्रदेश अभी बाकी है” के नारे लगे। खंडवा में भाजपा के 20-25 कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पहले राउंड में भाजपा आगे थी, फिर कांग्रेस ने पलटा मुकाबला मतगणना के पहले राउंड में भाजपा आगे थी, लेकिन इसके बाद कांग्रेस लगातार बढ़त बनाती गई। 13वें और 14वें राउंड में भाजपा ने अंतर कुछ कम किया, लेकिन कांग्रेस की बढ़त बरकरार रही। अंतिम परिणाम में घनश्याम सिंह ने 6016 वोटों से जीत दर्ज की। 13-14वें राउंड में भाजपा को बढ़त मिली थी, लेकिन कांग्रेस आगे रही 13वें राउंड में भाजपा को 4809 और कांग्रेस को 3260 वोट मिले। इस राउंड में भाजपा ने 1549 वोट की बढ़त बनाई, जिससे कांग्रेस की कुल बढ़त घटकर 11058 वोट रह गई। इसके बाद भी कांग्रेस निर्णायक बढ़त बनाए रही। दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने कुंवर घनश्याम सिंह को जीत का प्रमाण पत्र सौंपा। जीतू पटवारी ने वीडियो कॉल कर कार्यकर्ताओं को दी बधाई प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने वीडियो कॉल के जरिए दतिया के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को बधाई दी। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा- जनता अब भ्रष्टाचार, पक्षपात और जनविरोधी नीतियों को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि दतिया का जनादेश सरकार के खिलाफ जनता का संदेश है। सपा बोली- गठबंधन की जीत, मेलोडी टॉफी खिलाकर दी बधाई समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज यादव ने कहा कि यह गठबंधन की जीत है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सपा नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मिलकर मेहनत की, जिसका परिणाम गठबंधन के पक्ष में आया। जीत के बाद कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एक-दूसरे को मेलोडी टॉफी खिलाकर बधाई दी। रिजल्ट के बाद कांग्रेस-भाजपा कार्यकर्ता गले मिले मतगणना केंद्र के बाहर चुनाव परिणाम आने के बाद कांग्रेस और भाजपा के कई कार्यकर्ता एक-दूसरे से गले मिले। चुनावी मुकाबले के बावजूद दोनों दलों के कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक परंपरा का सम्मान करते हुए सौहार्द का संदेश दिया। देखिए, जश्न की तस्वीरें…. एमपी में 2014 के बाद 49 उपचुनाव, दतिया 50वां दतिया का रिजल्ट कैसे बदलेगा MP की राजनीति दतिया में मतों की गणना के मिनट टु मिनट अपडेट्स के लिए नीचे दिए लाइव ब्लॉग से जरूर गुजर जाइए…

हरिद्वार में पहले सावन सोमवार पर 1 करोड़ श्रद्धालु पहुंचे:उज्जैन में 4 लाख भक्तों ने किए दर्शन; देवघर में 5km, बनारस में 3km लंबी लाइन

उत्तराखंड के हरिद्वार में कांवड़ यात्रा शुरू होने के बाद से सोमवार दोपहर 12 बजे तक करीब 1 करोड़ कांवड़िए पहुंच चुके हैं। सिर्फ सोमवार को 32 लाख से ज्यादा लोग हरिद्वार पहुंचे। वहीं, मध्य प्रदेश के उज्जैन के श्री महाकालेश्वर मंदिर में आज 4 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। झारखंड के देवघर के बैद्यनाथ मंदिर में भक्तों की 5 KM लंबी लाइन लगी है। उत्तर प्रदेश के काशी विश्वनाथ मंदिर में अब तक 2 लाख से ज्यादा भक्त दर्शन कर चुके हैं। कांवड़ियों और भक्तों की 3 किलोमीटर लंबी लाइन लगी है। जलाभिषेक के लिए भक्तों को केवल 1 सेकेंड का समय मिल रहा है। देशभर से सावन के पहले सोमवार से जुड़ी 6 तस्वीरें… देशभर के शिव मंदिरों में सावन के पहले सोमवार से जुड़े अपडेट्स के लिए ब्लॉग से गुजर जाइए…