बेटे के सामने युवक ने नहर में लगाई छलांग:3 घंटे के रेस्क्यू के बाद मिला शव, जेसीबी की मदद से उतरी नाव

कोटा शहर में शुक्रवार शाम को युवक ने नहर में कूदकर अपनी जान दे दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने जब युवक को नहर में छलांग लगाते देखा, तो तुरंत नगर निगम के गोताखोरों को इसकी सूचना दी। घटना मानपुरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुमानपुरा सब्जी मंडी के पास स्थित दायीं मुख्य नहर की है। मौके पर मौजूद लोगों और युवक के बेटे ने भी उसे अपनी आंखों के सामने नहर में कूदते हुए देखा था। करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने नहर से युवक का शव बाहर निकाला। मृतक की पहचान घोड़ा बस्ती निवासी प्रभु भोई (35) के रूप में हुई है। इसके बाद शव को गुमानपुरा थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए MBS अस्पताल की मोर्चरी भिजवा दिया है। 70 फीट गहरी नहर में जेसीबी की मदद से उतरी नाव, नगर निगम के गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन नहर में रेस्क्यू अभियान चलाना काफी चुनौतीपूर्ण रहा। नहर की दीवारें कई स्थानों पर टूटी हुई हैं, जिससे लोग आसानी से वहां चले जाते हैं। करीब 70 फीट की गहराई में नाव उतारने के लिए कोई स्थायी रास्ता नहीं होने के कारण टीम को जेसीबी (JCB) मशीन की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद गोताखोरों ने नाव के जरिए तलाशी अभियान चलाया और कड़ी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। टूटी दीवारें ठीक हों और नाव उतारने का बने स्थायी रास्ता हादसे के बाद गोताखोरों ने प्रशासन से नहर की सुरक्षा को लेकर गंभीर मांग की है। उन्होंने कहा कि नहर की टूटी हुई दीवारों की जल्द से जल्द मरम्मत कराई जानी चाहिए ताकि लोग वहां तक न पहुंच सकें। इसके साथ ही, आपातकालीन स्थिति में रेस्क्यू नाव को नीचे उतारने के लिए एक स्थायी रास्ता बनाया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी हादसे के दौरान रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया जा सके और समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।

नगर निगम के गोताखोर विष्णु श्रृंगी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई, लेकिन नहर में रेस्क्यू अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। उन्होंने बताया कि नहर की दीवारें कई स्थानों पर टूटी हुई हैं, जिससे लोग आसानी से नीचे उतर जाते हैं। वहीं करीब 70 फीट गहराई में नाव उतारने के लिए कोई स्थायी रास्ता नहीं होने से जेसीबी मशीन की मदद लेनी पड़ी। इसके बाद गोताखोरों ने नाव के जरिए तलाशी अभियान चलाया और कई घंटे की मेहनत के बाद शव को बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों ने भी प्रभु भोई को नहर में कूदते हुए देखा था और घटना के समय उसका बेटा भी वहीं मौजूद था। गोताखोरों ने प्रशासन से मांग की है कि नहर की टूटी हुई दीवारों की जल्द मरम्मत कराई जाए और नाव उतारने के लिए एक स्थायी रास्ता बनाया जाए, ताकि भविष्य में रेस्क्यू अभियान तेजी से चलाया जा सके और समय रहते लोगों की जान बचाई जा सके।

हाईकोर्ट ने तहसीलदार-पटवारी को किया सस्पेंड:कहा- इन्होंने कोर्ट का अपमान किया; अधिकारियों ने 2 महीने तक नहीं हटाया था अतिक्रमण

राजस्थान हाईकोर्ट ने अदालत के आदेशों की पालना नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया है। कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश एसपी शर्मा और जस्टिस मनीष शर्मा की खंडपीठ ने करौली जिले की नादौती तहसील के तहसीलदार दीनदयाल शर्मा और पटवारी भरत सिंह गुर्जर को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है। मामले की सुनवाई करते हुए खंडपीठ ने कहा- इन अधिकारियों के मन में कोर्ट के आदेशों के प्रति कोई सम्मान नहीं है, बल्कि इन्होंने कोर्ट का अपमान किया है। इसके साथ ही ये दोनों स्पष्ट रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करने के दोषी हैं। हाईकोर्ट ने राजस्व सचिव को निर्देश दिया है कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ तत्काल प्रभाव से विभागीय कार्रवाई शुरू की जाए। विभागीय जांच पूरी होने तक दोनों अधिकारी निलंबित ही रहेंगे। अधिकारियों ने 2 महीने तक आदेश की पालना नहीं की
याचिकाकर्ता के वकील ने बताया- नादौती तहसील में अतिक्रमण को लेकर रूपराज प्रजापत ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। याचिका में कहा गया था कि एक निश्चित क्षेत्र में बार-बार अतिक्रमण हटाने के बाद भी अतिक्रमणकारी उस जगह पर फिर से अतिक्रमण कर लेते हैं। इस पर हाईकोर्ट ने इन्हें आदतन अतिक्रमणकारी मानते हुए 27 अप्रैल 2026 को अतिक्रमण हटाने के लिए कहा था। 30 अप्रैल को मामला फिर से कोर्ट में आने पर हाईकोर्ट ने तहसीलदार और पटवारी से स्पष्टीकरण मांगा और मामला 20 मई को सूचीबद्ध करने के लिए कहा, लेकिन मामला उस दिन लिस्ट नहीं हो सका। इसके बाद 2 जुलाई को मामले पर सुनवाई के दौरान दोनों अधिकारियों ने स्वीकार किया कि अतिक्रमण मौजूद है और उन्हें हटाने के लिए 7 दिन का समय और दिया जाए। इस पर कोर्ट ने कहा कि यह हमारे लिए आश्चर्य की बात है कि दोनों आराम से स्वीकार कर रहे हैं कि कोर्ट के आदेश का पालन नहीं हुआ है। हम अवमानना की कार्रवाई जैसा कदम नहीं उठा रहे हैं
कोर्ट ने कहा- हालांकि हम दोनों अधिकारियों के खिलाफ फिलहाल अवमानना की कार्रवाई शुरू करने जैसा कदम नहीं उठा रहे हैं। लेकिन यह स्पष्ट है कि इन्होंने अतिक्रमण हटाने के अपने कर्तव्य का पालन नहीं किया, जबकि इन्हें अच्छे से पता था कि यह अतिक्रमण बार-बार हो रहा है। कोर्ट ने सरकार को निर्देशित किया कि वह संबंधित SHO और राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करें, ताकि अतिक्रमण तत्काल हटाया जाए और अगली सुनवाई से पहले इसकी पालना रिपोर्ट कोर्ट में पेश की जाए। कोर्ट अब 8 जुलाई को मामले की अगली सुनवाई करेगी। ये खबर भी पढ़ें राज्यपाल के आदेश पर हाईकोर्ट ने रोक लगाई:कहा- ये दुर्भावनापूर्ण और मनमाना; दिव्यांग यूनिवर्सिटी के कुलपति को बर्खास्त किया था राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की ओर से जारी बर्खास्तगी के आदेश पर हाईकोर्ट ने रोक लगा दी है। इससे राजस्थान यूनिवर्सिटी में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती में धांधली के आरोप में हटाए गए कुलपति देव स्वरूप को बड़ी अंतरिम राहत मिली है। कोर्ट ने कहा- यह आदेश पूरी तरह से दुर्भावनापूर्ण और मनमाना है। (पूरी खबर पढ़ें)

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, संगठन महामंत्री ने जसोलधाम में किए दर्शन:प्रदेश की सुख-समृद्धि, जनकल्याण के लिए की मंगलकामना की

जसोलधाम स्थित श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान में शुक्रवार को भाजपा और विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी पहुंचे। सभी अतिथियों ने श्री राणीसा भटियाणीसा, श्री बायोसा, श्री सवाई सिंह जी, श्री लाल बन्ना सा, श्री खेतलाजी एवं श्री काला-गौरा भैरूजी के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति, जनकल्याण और राष्ट्र की निरंतर प्रगति के लिए विशेष मंगलकामना की। साथ ही, प्रधानमंत्री के प्रस्तावित रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम की सफलता के लिए भी प्रार्थना की गई। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने किए दर्शन इस अवसर पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, संगठन महामंत्री अजय कुमार, प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी और प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रेम ओड (रामदेवरा) सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। संगठन महामंत्री अजय कुमार ने पहली बार जसोलधाम पहुंचकर दर्शन किए। भाजपा कार्यकर्ता नरेश ओझा के साथ प्रदेश, जिला एवं स्थानीय स्तर के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित थे। मंदिर संस्थान के प्रवक्ता एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। दर्शन-पूजन के दौरान वे प्रतिनिधिमंडल के साथ उपस्थित रहे और उन्हें समस्त मंदिरों के इतिहास, धार्मिक महत्व, परंपराओं एवं मंदिर संस्थान द्वारा श्रद्धालुओं के हित में संचालित सेवा, प्रबंधन एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रतिनिधिमंडल ने 4 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राजस्थान की रिफाइनरी परियोजना के प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम की सफलता, प्रदेश की खुशहाली, राष्ट्र की उन्नति एवं जनकल्याण के लिए समस्त आराध्य देवस्थलों में विशेष प्रार्थना की। विशेष उल्लेखनीय है कि भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री अजय कुमार ने प्रथम बार जसोलधाम पधारकर सभी प्रमुख मंदिरों के दर्शन किए। दर्शन-पूजन के उपरांत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मां का प्रसाद ग्रहण किया तथा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए विकसित दर्शन व्यवस्था, आवास व्यवस्था, प्रसाद वितरण प्रणाली, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, पेयजल, विश्राम व्यवस्था सहित विभिन्न जनसुविधाओं का अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने सुविधाओं की सराहना की प्रतिनिधिमंडल ने संस्थान अध्यक्ष किशन सिंह जसोल के मार्गदर्शन में मंदिर संस्थान द्वारा संचालित विकास कार्यों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु विकसित आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं अनुशासित व्यवस्थाओं की मुक्त कंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु सेवा, उत्कृष्ट प्रबंधन, स्वच्छता एवं अनुशासित व्यवस्था की दृष्टि से श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोलधाम ने एक अनुकरणीय कार्यसंस्कृति स्थापित की है, जो अन्य धार्मिक संस्थानों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। इसी क्रम में कैलाशचंद्र (क्षेत्रीय प्रौढ़ कार्य प्रमुख, राजस्थान), अशोक (पर्यावरण संयोजक, जयपुर प्रांत) तथा कृष्णा (जिला प्रचारक, बालोतरा) भी जसोलधाम पहुँचे। उन्होंने मंदिर प्रांगण स्थित समस्त मंदिरों के दर्शन-पूजन कर प्रदेश की खुशहाली, सामाजिक समरसता तथा अपने जीवन में सुख, शांति, उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय भविष्य की कामना की। दर्शन उपरांत उन्होंने हरिशचंद्र सिंह जसोल से शिष्टाचार भेंट कर मंदिरों के इतिहास, धार्मिक महत्त्व तथा संस्थान द्वारा संचालित सेवा एवं विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। मंदिर संस्थान की कार्यप्रणाली देखी इस अवसर पर श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास, देशणोक के अध्यक्ष बादल सिंह सहित ट्रस्ट मंडल के माननीय सदस्य भी जसोलधाम पहुंचे। उन्होंने समस्त मंदिरों में दर्शन-पूजन के पश्चात हरिशचंद्र सिंह जसोल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्हें मंदिर संस्थान की कार्यप्रणाली, श्रद्धालुओं के लिए विकसित दर्शन एवं आवास व्यवस्था, प्रसाद वितरण प्रणाली, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधन, यातायात व्यवस्था तथा वर्तमान में संचालित विभिन्न विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी दी गई। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने मंदिर परिसर एवं श्रद्धालु सुविधाओं का विस्तार से अवलोकन किया। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि श्री करणी मंदिर निजी प्रन्यास, देशणोक में भी श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसी उद्देश्य से वे श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान, जसोलधाम की व्यवस्थाओं का अध्ययन करने आए हैं, ताकि यहां विकसित उत्कृष्ट, अनुकरणीय एवं श्रद्धालु-केंद्रित व्यवस्थाओं का आवश्यकतानुसार अपने संस्थान में भी क्रियान्वयन किया जा सके।

बदमाश ने पीछे से चाकू मारकर लूटा सोने का मादलिया:घर में अकेली थीं बुजुर्ग; बच्चे बाहर काम करते हैं, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस।

उदयपुर में एक बुजुर्ग महिला पर चाकू से जानलेवा हमला कर बदमाश उसके गले से मादलिया लूटकर फरार हो गए। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई। उसके चेहरे और हाथ पर चोटें आई हैं। आसपास के लोगों को जब तक पता चलता, तब तक हमलावर भाग चुके थे। पड़ोसियों द्वारा घायल बुजुर्ग महिला को तुरंत स्थानीय सरकारी हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें उदयपुर के एमबी हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं, पुलिस आसपास के सीसीटीवी खंगालते हुए लुटेरों की तलाश में जुटी है। यह मामला कानोड़ थाना क्षेत्र के कुम्हारों के मोहल्ले का है और घटना शुक्रवार शाम की है।” घर में अकेली बैठी थीं, पीछे से बदमाशों ने किया हमला थानाधिकारी हुकमसिंह ने बताया- घटना कुम्हारों का मोहल्ला क्षेत्र में शुक्रवार शाम की है। जब 75 वर्षीय घीसी बाई खटीक घर में अकेली बैठी हुई थीं, तभी अज्ञात बदमाशों ने पीछे से उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। इसके बाद बदमाश उनके गले से सोने का मादलिया लूटकर फरार हो गए। महिला के चीखने की आवाज सुनकर आस-पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे, तो बुजुर्ग महिला को घायल अवस्था में देखकर दंग रह गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश में जुटी है। थानाधिकारी ने बताया- घीसी बाई घर में अकेली रहती हैं और उनके बच्चे बाहर काम करते हैं।

ब्याज वसूली के लिए की थी फायरिंग:वारदात के बाद कार को छिपाकर भागे, पीछा कर हरियाणा से पकड़े तीनों बदमाश

जयपुर में फायरिंग मामले में झोटवाड़ा थाना पुलिस ने शुक्रवार रात खुलासा किया है। पुलिस ने फायरिंग करने वाले तीनों बदमाशों को अरेस्ट किया है। जिनके कब्जे से वारदात में यूज कार व पिस्टल जब्त कर ली है। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण ने बताया- फायरिंग मामले में आरोपी यश अहलावत उर्फ सूरज (23) व उसके भाई आकाश उर्फ विशाल (21) निवासी झझर हरियाणा हाल सिरसी रोड करधनी और अमन जाट (23) निवासी झझर हरियाणा हाल सिरसी रोड करधनी को अरेस्ट किया गया है। पुलिस ने तीनों बदमाशों को हरियाणा से पकड़ा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में यूज कार व पिस्टल-कारतूस बरामद किए है। पुलिस जांच में पिस्टल लाइसेंसी होना पाया गया है, लेकिन लाइसेंस जारी होने वाले राज्य की पुष्टि की जा रही है। डरा-धमकाकर वसूलते है ब्याज
जांच में सामने आया कि आरोपी यश अहलावत उर्फ सूरज व आकाश उर्फ विशाल आपस में दोनों सगे भाई है। दोनों भाईयों का अमन दोस्त है। ये तीनों मिलकर जययपुर शहर में फाइनेंस के नाम पर लोगों को रुपए उधार देकर मोटा ब्याज वसूलते है। रुपए-ब्याज नहीं देने पर डराने-धमकाने के साथ मारपीट करते है। झोटवाड़ा, मुरलीपुरा, करधनी, करणी विहार इलाके में रुपए उधार देकर ब्याज वसूलने के नाम पर आरोपियों ने दबदबा बना रखा है। पीड़ित जितेंद्र शर्मा ने भी आरोपियों से उधार रुपए लिए थे। उधार रुपए चुकाने के बाद भी ब्याज के नाम पर काफी समय से डरा-धमका रहे थे। जबरन रुपए वसूली के लिए दबाव बनाने पर पीड़ित ने मना कर दिया। इस बात को लेकर तीनों आरोपियों ने दहशत फैलाने के लिए मारपीट कर फायरिंग की। कार छिपाकर चले गए हरियाणा
झोटवाड़ा थाने में जितेंद्र शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई। निवारू रोड पर महालक्ष्मी मोटर्स एण्ड कार बाजार नाम से उनका वर्कशॉप है। 1 जुलाई की शाम करीब 6 बजे वर्कशॉप पर यश अहलावत, अमन और आकाश कार से आए। आते ही उससे उधार लिए रुपयों को लेकर झगड़ा करने लगे। तीनों आरोपियों ने मिलकर उसके और उसके भाई के साथ लोहे के पाइप से मारपीट की। जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग कर फरार हो गए। पुलिस कम्पलेंड का पता चलने पर कार को छिपाकर दूसरी गाड़ी से हरियाणा चले गए।

जोधपुर एयरपोर्ट का नया टर्मिनल जिसका पीएम उद्घाटन करेंगे,VIDEO:मोदी ने रिफाइनरी का फोटो शेयर करके लिखा- बालोतरा में कल का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन करेंगे। उड़ान योजना के सेकेंड फेज की शुरुआत भी करेंगे। मोदी ने जोधपुर दौरे से पहले शुक्रवार को सोशल मीडिया X पर जोधपुर एयरपोर्ट की फोटो शेयर की। लिखा- 4 जुलाई जोधपुरवासियों के लिए बेहद खास दिन है। पीएम मोदी ने बालोतरा के पचपदरा रिफाइनरी का फोटो भी शेयर करते हुए लिखा- बालोतरा में कल का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। इसमें 1.06 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के कामों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसमें पचपदरा में इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण भी शामिल है। यह प्रोजेक्ट भारत के एनर्जी और पेट्रोकेमिकल सेक्टर को बढ़ावा देगा। इससे कई लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का वीडियो इस वीडियो को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने शेयर किया है। अब देखें नए एयरपोर्ट के PHOTOS… मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री ने किया निरीक्षण पीएम नरेंद्र मोदी के आने से पहले सीएम भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत शुक्रवार को जोधपुर पहुंचे। दोनों ने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वहीं सुबह सीएस वी. श्रीनिवास और डीजीपी राजीव शर्मा ने भी जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का निरीक्षण किया। साथ ही यहां की सिक्योरिटी, प्रोटोकॉल और अन्य व्यवस्थाओं का भी रिव्यू किया। जोधपुर से बालोतरा जाएंगे पीएम मोदी पीएम मोदी शनिवार सुबह 10:45 बजे जोधपुर हवाई अड्डे के टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। यहीं से उड़ान योजना के सेकेंड फेज की शुरुआत करेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 12:15 बजे बालोतरा जाएंगे। वहां रिफाइनरी के साथ लगभग 1.06 लाख करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण, उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इस अवसर पर पीएम मोदी जनसभा को भी संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में सीएम भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत आदि मौजूद रहेंगे। साथ ही केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू किंजरापु भी जोधपुर आएंगे। वे सुबह 7:45 से 9 बजे तक जोधपुर एयरपोर्ट का निरीक्षण करेंगे। पीएम ने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल की फोटो की शेयर पीएम मोदी ने जोधपुर दौरे से पहले नए एयरपोर्ट टर्मिनल की फोटो शेयर की। उन्होंने लिखा- कल 4 जुलाई जोधपुरवासियों के लिए बेहद खास दिन है। जोधपुर हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन होगा। भारत में पर्यटन के लिहाज से जोधपुर का विशेष महत्व है। इस उन्नत बुनियादी ढांचे से जोधपुर में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होगी और व्यापार को भी बढ़ावा मिलेगा। Tomorrow, 4th July, is a very special day for the people of Jodhpur. The New Terminal Building of Jodhpur Airport will be inaugurated. Jodhpur has a very important place as far as tourism in India is concerned. This upgraded infrastructure will encourage more tourists to come to… pic.twitter.com/GdOuk4NgCr— Narendra Modi (@narendramodi) July 3, 2026
जोधपुर से संशोधित उड़ान योजना शुरू की जाएगी। इससे अधिक से अधिक लोगों को हवाई यात्रा करने की सुविधा मिलेगी। भारत में कनेक्टिविटी में सुधार होगा। योजना का मुख्य उद्देश्य मौजूदा हवाई पट्टियों से 100 नए हवाई अड्डों का विकास करना, संचालन और रखरखाव करना है 480 करोड़ की लागत से तैयार हुआ नया एयरपोर्ट जोधपुर का नया एयरपोर्ट 480 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किया गया है। इसका नया टर्मिनल 37 एकड़ में तैयार किया गया है। यह पुराने एयरपोर्ट से 6 गुना बड़ा है। इस एयरपोर्ट में एंट्री गेट से फ्लाइट में डायरेक्ट एंट्री के लिए 6 एयरोब्रिज बनाए गए हैं। पीएम ने रिफाइनरी का फोटो शेयर किया पीएम ने रिफाइनरी का फोटो शेयर करते हुए लिखा- बालोतरा में कल का कार्यक्रम ऐतिहासिक होगा। इसमें 1.06 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा के कामों का उद्घाटन और शिलान्यास किया जाएगा। इसमें पचपदरा में इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-सह-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण भी शामिल है। यह प्रोजेक्ट भारत के एनर्जी और पेट्रोकेमिकल सेक्टर को बढ़ावा देगा। इससे कई लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। ………. यह खबर भी पढ़ें… पीएम मोदी 4 जुलाई को करेंगे पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन:ढाई महीने पहले आग लगने से टल गया था; जयपुर मेट्रो फेज-2 का भी करेंगे शिलान्यास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 जुलाई को बालोतरा में पचपदरा रिफाइनरी का उद्घाटन करेंगे। पचपदरा रिफाइनरी का पहले 21 अप्रैल को उद्घाटन होना था। इससे एक दिन पहले यानी 20 अप्रैल को रिफाइनरी में आग लग गई थी। इसके बाद पीएम मोदी का दौरा स्थगित करना पड़ा था। अब पीएम मोदी रिफाइनरी के उद्घाटन के साथ जयपुर मेट्रो फेज-2 का शिलान्यास भी करेंगे। (पूरी खबर पढ़ें)

रैंप पर दिखा हुनर, आत्मविश्वास और ग्लैमर का संगम:क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 के टॉप-30 फाइनलिस्ट ने बांधा समां

आमेर रोड स्थित होटल जयपुर हेरिटेज में क्वीन ऑफ राजस्थान सीजन-5 की सैश सेरेमनी और टैलेंट राउंड का आयोजन किया गया। पूरे राजस्थान से चयनित टॉप-30 फाइनलिस्ट ने अपने व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अब ये सभी प्रतिभागी पांच दिवसीय ग्रूमिंग सेशन के बाद ग्रैंड फिनाले में अपनी अंतिम चुनौती पेश करेंगी। कार्यक्रम की शुरुआत सैश सेरेमनी से हुई, जहां सभी टॉप-30 फाइनलिस्ट को मंच पर सम्मानपूर्वक सैश पहनाकर प्रतियोगिता के अगले चरण के लिए शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर मुख्य अतिथि शिव सिंह शेखावत, आमेर गुप्ता, अशोक बड़गुर्जर, मिसेज क्वीन ऑफ राजस्थान-2025 शालिनी शर्मा, क्वीन ऑफ इंडिया-2025 की फाइनलिस्ट कोमल गिल, भारत की फर्स्ट रनरअप क्वीन 2025 उर्वशी सुखवानी, राजस्थान क्वीन 2025 की सेकेंड रनरअप ऊर्जा पटेल, विकास मेघवाल, पीहू सिंह एवं मनीष खंडेलवाल ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि आत्मविश्वास, अनुशासन और निरंतर मेहनत ही किसी भी मंच पर सफलता की सबसे बड़ी कुंजी होती है। इसके बाद आयोजित टैलेंट राउंड में प्रतिभागियों ने अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं से सभी को प्रभावित किया। किसी ने शानदार डांस प्रस्तुति दी, तो किसी ने अपनी सुरीली आवाज से समां बांध दिया। कई प्रतिभागियों ने अभिनय और मिमिक्री के माध्यम से अपनी अभिव्यक्ति का परिचय दिया। मंच पर उनका आत्मविश्वास, स्टेज प्रेजेंस और प्रस्तुति का अंदाज दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। क्वीन ऑफ राजस्थान के संस्थापक एवं निदेशक मोनू वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता का अगला चरण बेहद महत्वपूर्ण होगा। सभी फाइनलिस्ट के लिए पांच दिनों का विशेष ग्रूमिंग सेशन आयोजित किया जाएगा, जिसमें फैशन इंडस्ट्री के अनुभवी विशेषज्ञ उन्हें रैंप वॉक, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, कम्युनिकेशन स्किल्स, स्टेज प्रेजेंस, ग्रूमिंग, फोटो पोजिंग और कैमरा फेसिंग जैसी बारीकियों का प्रशिक्षण देंगे, ताकि वे ग्रैंड फिनाले में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सकें। जयपुर डायरेक्टर विराट गोविंद्र ने कहा कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल एक विजेता चुनना नहीं, बल्कि युवतियों के आत्मविश्वास को नई ऊंचाई देना और उन्हें फैशन एवं ग्लैमर इंडस्ट्री में सफल करियर के लिए तैयार करना है। उन्होंने कहा कि इस मंच से कई प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बनाई है और आने वाले वर्षों में भी यह मंच नई प्रतिभाओं को अवसर देता रहेगा। कार्यक्रम का संचालन आरजे राहुल ने अपने ऊर्जावान और मनोरंजक अंदाज में किया। वहीं आयोजन के दौरान प्रतिभागियों के रैंप वॉक, टैलेंट परफॉर्मेंस और यादगार पलों को फोटोग्राफर अनिल कुमार ने अपने कैमरे में कैद किया।

एसडीएम ने बिठड़ी तालाब में खुदाई का निरीक्षण किया:मानसून से पहले काम पूरा करने के निर्देश; भोजका में गौशाला का भी किया अवलोकन

फलोदी जिला प्रशासन ने ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर अंकित कुमार सिंह की पहल पर उपखंड प्रशासन विभिन्न गांवों के तालाबों और नाडियों का पुनरुद्धार कर रहा है। इसका उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण करना और सालों से उपेक्षित जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना है। इसी क्रम में, एसडीएम पूजा चौधरी ने भारतीय किसान संघ के संभागीय अध्यक्ष नरेश व्यास, भारतीय जैन संगठना (बीजेएस) के जिलाध्यक्ष मुकेश कोठारी, उपाध्यक्ष महावीर भंसाली और सोबित दूबे के साथ भोजका की नाडी और बिठड़ी तालाब का निरीक्षण किया। उन्होंने बिठड़ी में बीजेएस के सहयोग से चल रहे खुदाई कार्य का जायजा लिया और मानसून से पहले इसे पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि अधिकतम जल संग्रहण हो सके। निरीक्षण के दौरान, एसडीएम ने भोजका गांव में जनसहयोग से संचालित एक बिना अनुदान वाली गौशाला का भी अवलोकन किया। उन्होंने गौसेवकों से गौशाला के संचालन और पशुओं की देखभाल की जानकारी ली और उनके सेवा कार्य की सराहना की। एसडीएम पूजा चौधरी ने भारतीय जैन संगठना को भोजका की नाडी, सदावता तालाब, लोर्डियां की तम्बेरी नाडी, खीचन की धोलकी नाडी और कुण्डल के मेटड़ा तालाब के पुनरुद्धार के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि जल संरक्षण केवल सरकारी जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि जनभागीदारी से ही यह अभियान सफल होगा। प्रशासन का लक्ष्य है कि मानसून से पहले प्रमुख तालाबों और नाडियों की खुदाई व सफाई पूरी कर उन्हें जल संग्रहण के लिए तैयार कर लिया जाए। इससे भूजल स्तर में सुधार होगा, पशुधन को पानी मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट को कम करने में मदद मिलेगी।

कोटपूतली में जर्जर सड़क के खिलाफ ग्रामीणों का प्रदर्शन:कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा, बोले- जल्द काम नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन

कोटपूतली के सुंदरपुरा ढाढ़ा गांव में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों विरोध जताया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री दीया कुमारी के नाम ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने बताया- गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चे और पैदल यात्री सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई बच्चे अब तक चोटिल भी हो चुके हैं। पुलिस बल तैनात किया गया प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया, हालांकि आंदोलन शांतिपूर्ण रहा। जिला कलेक्टर ने ज्ञापन लेते हुए मामले को गंभीर माना और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सड़क की स्थिति को देखते हुए मरम्मत और नवीनीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करवाई जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वे आगे बड़ा आंदोलन करेंगे।

रैंप पर छाए नन्हे सितारे, डिजाइनर ड्रेसेज में बटोरी चर्चा:हेरिटेज किड्स फैशन शो के ग्रैंड फिनाले में दिखा टैलेंट; 16 साल तक के बच्चे हुए शामिल

नन्हे कदम जब रैंप पर उतरे तो सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक रैंप वॉक, डांस प्रस्तुतियों और सामाजिक संदेशों से भरपूर प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। हेरिटेज किड्स फैशन शो (HKFS) सीजन-5 के ग्रैंड फिनाले में यह दिखा। जवाहर कला केंद्र (जेकेके) के रंगायन सभागार में शुक्रवार को यह आयोजित हुआ। इसमें 1 से 16 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 40 प्रतिभागियों ने मंच पर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने फैशन और रैंप वॉक के साथ अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास, अभिनय, डांस से सभी का दिल जीत लिया। पहले देखिए इवेंट के फोटोज…
गणेश वंदना से शुरुआत कार्यक्रम की शुरुआत जवाहर कला केंद्र के अतिरिक्त महानिदेशक गोपालराम बिरदा, मुख्य संरक्षक बसंत जैन, निर्मला जैन, मीनाक्षी सोलंकी, समाजसेवी दिनेश सैनी, अर्विक, अर्चना बैराठी और विपिन बैराठी सहित अन्य अतिथियों ने किया। इसके बाद प्रस्तुत की गई गणेश वंदना ने पूरे सभागार को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया। बच्चों ने दी गानों पर प्रस्तुति ग्रैंड फिनाले में चाइल्ड स्टार अर्विक बैराठी की डांस प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ‘धूम मचा ले’ और ‘टन टना टन’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर शानदार परफॉर्मेंस दी। वहीं शो स्टॉपर नम्या तंवर ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रभावशाली भाषण दिया। उन्होंने प्रकृति संरक्षण, पेड़-पौधों के महत्व और पर्यावरण के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी पर विचार रखे, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश कार्यक्रम आयोजक अर्चना बैराठी ने बताया- प्रतियोगिता को तीन अलग-अलग राउंड में आयोजित किया गया, ताकि बच्चों के व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों को मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल फैशन शो कराना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को सामने लाना है। उन्होंने बताया- बच्चों ने प्रस्तुतियों से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, पेड़-पौधों का महत्व, प्रकृति से जुड़ाव और सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश दिए। ग्रैंड फिनाले में ‘मम्मी-किड्स राउंड’ में मां और बच्चों ने एक साथ रैंप पर उतरकर बॉन्डिंग का प्रदर्शन किया। इस राउंड ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और परिवार के रिश्तों की खूबसूरती को मंच पर जीवंत कर दिया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।